विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा. टूर्नामेंट का पहला मैच मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा. भारत अपने टी-20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरूआत पाकिस्तान के विरुद्ध 14 जून के मैच से करेगा.

खास होने वाला है 2026 का यह वर्ल्ड कप
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आप में बहुत खास होने वाला है. यह वर्ल्ड कप अब तक का सबसे बड़ा विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप होगा. 2009 में जब इस टूर्नामेंट की शुरूआत हुई थी तो उस समय 8 टीमों ने इसमें शिरकत किया था. उसके बाद 2014 में टीमों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई. 2026 के इस वर्ल्ड कप में इस बार 12 टीमें खेलेंगी.24 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे.

अबतक कैसा रहा है भारत का वर्ल्ड कप सफर
भारत का टी-20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. भारत ने अबतक खेले 9 वर्ल्ड कप में सिर्फ एक बार ही फाइनल तक का सफर तय किया है, 2020 के फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया ने हराया था.इसके अलावा भारत ने 4 बार सेमीफाइनल में भी जगह बनाई है. टूर्नामेंट में खेले अपने 40 मुकाबलों में भारत ने सिर्फ 22 में जीत हासिल की है.

कब और कहां देख पाएंगे लाइव मैच
वर्ल्ड कप के मैच लार्ड्स, द ओवल, ओल्ड ट्रैफर्ड, हेडिंग्ले, एजबेस्टन, ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड और हैम्पशायर बाउल के मैदान में खेले जाएंगे. टीवी पर इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर प्रसारित होगा. वहीं डिजिटल प्लैटफॉर्म पर इसका प्रसारण जियो हॉटस्टार पर होगा. भारत के मैच डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी प्रसारित होंगे. भारत के समयानुसार सभी मैच दोपहर 3 बजे, शाम 7 बजे और रात 11 बजे खेले जाएंगे. भारत के सभी  मैच शाम 7 बजे खेले जाएंगे.

खिताबी दौड़ में कौन है सबसे आगे?
इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है. इस टीम ने सबसे ज्यादा 6 बार ट्रॉफी पर कब्जा किया है. इसके अलावा भारत, साउथ अफ्रीका, और होस्ट इंग्लैंड भी ट्रॉफी के मजबूत दावेदार हैं.भारत पिछले साल खेले गए वनडे वर्ल्ड कप का विजेता है. अब ये देखने वाली बात है की कौन इस बार खिताब को अपना बनाता है.

ये भी पढ़ें: दुनिया का सबसे पॉपुलर टूर्नामेंट FIFA आज से शुरू,19 जुलाई को होगा फाइनल

"विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा. टूर्नामेंट का पहला मैच मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच…"