माउंट मांगानुई के बे ओवल में खेले गए चौथे ODI में भारत को बहुत बड़ी हार झेलनी पड़ी है. न्यूजीलैंड ने विल यंग के शतक की मदद से 50 ओवर में 333 रन बनाए. जिसके जवाब में भारतीय टीम 89 रनों पर ऑल आउट हो गई. भारत की यह 244 रनों की हार उसकी रनों के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी है. भारत के पहले तीन विकेट तो पहले ही ओवर में गिर गए थे. यह पहला ओवर करने आए थे 2019 वर्ल्ड कप में भारत को बाहर का रास्ता दिखाने वाले गेंदबाज मैट हेनरी. इस बड़ी हार की वजह से भारत ने कई अनचाहे रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं.

फिर दिखी कमजोर गेंदबाजी
भारत की गेंदबाजी काफी समय से चिंता का विषय बनी हुई है. भारत अगर मैच जीत जाता तो यह कमजोरी छुप जाती. पर हर बार ऐसा हो यह जरुरी नहीं है. टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े. फिन एलन की जगह आज विल यंग ओपनिंग करने आए. उन्होंने टीम साइफर्ट के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों की खूब खबर ली. भारत को पहला विकेट टीम साइफर्ट के रुप में मिला. साइफर्ट 58 के स्कोर पर गुरनूरनब्रार का शिकार हुए. उसके बाद भारत ने तीन विकेट जल्दी ही निकाले पर उस मोमेंटम को जारी नहीं रख पाए. 125 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड अपने तीन विकेट खो चुका था.

उसके बाद विल यंग ने फिन एलन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच 65 गेंदों में 90 रन बनाए. विल यंग को जीवनदान भी मिला. रोहित शर्मा ने स्लिप में और ईशान किशन ने विकेट के पीछे आकिब नबी की गेंद पर कैच छोड़े. इसका फायदा उठाते हुए उन्होंने शतक जड़ा. उन्होंने 108 गेंदों में 125 रन बनाए. भारत की तरफ से आकिब नबी, गुरनूर ब्रार और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिया. वहीं अर्शदीप सिंह और नमन धीर को एक-एक विकेट मिला. न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 10 विकेट खोकर 333 रन बनाए.

भारत के बल्लेबाजों की कलई खुली
भारतीय टीम जब 334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो किसी ने अंदाजा भी नहीं लगाया होगा की भारत की यह गति होगी. 2019 के विश्व कप में भारत को सबसे बड़ी चोट देने वाले गेंदबाज मैट हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में भारत के धुरंधरों को पवेलियन भेज दिया. मैट हेनरी ने रोहित को पहली गेंद पर स्लिप के हाथों कैच कराया. उसके बाद आए चेज मास्टर विराट कोहली भी कुछ नहीं कर पाए और 5वीं गेंद पर 0 के स्कोर बोल्ड हो गए. उसके बाद आए आज के मैच के कप्तान श्रेयस अय्यर भी एलबीडब्ल्यू हो गए. यानी कि पहले ही ओवर में भारत बिना एक भी रन बनाए तीन विकेट खो चुका था. 

भारत की पारी किस हद तक बैकफुट पर थी इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि भारतीय टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छु सके. भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन ईशान किशन ने बनाए. उन्होंने 53 गेंदों में 27 रन बनाए. वहीं अक्षर और नमन धीर ने 21-21 रन बनाए. मैट हेनरी ने अकेले ही भारत के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. उनके अलावा मैथ्यू फिशर ने तीन और जैमिसन ने एक विकेट लिया. भारत की पूरी टीम 89 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गयी. भारत यह मैच 244 रनों के अंतर से हार गया.

भारत की यह रनों के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी हार थी. इससे पहले भारत को 2000 में श्रीलंका ने 245 रनों से हराया था. भारत का यह ODI में छठवां सबसे छोटा स्कोर है. ODI में भारत का सबसे छोटा स्कोर 54 रन का है. यह वही मैच है जिसमें भारत को 245 रनों से हार मिली थी.
 

 

"माउंट मांगानुई के बे ओवल में खेले गए चौथे ODI में भारत को बहुत बड़ी हार झेलनी पड़ी है. न्यूजीलैंड ने विल यंग के शतक की मदद से 50 ओवर में 333…"