हर मैच के साथ नोवाक जोकोविच अपने उम्र को मात दे रहे हैं. फिलहाल वह 39 साल के हैं पर उनके खेल से उनकी उम्र का अंदाजा लगाना बिल्कुल भी आसान नहीं है. आर्थर रिंडरकनेच के साथ हुए मुकाबले में उन्होंने रोजर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. आइए जानते हैं फेडरर का वह कौन सा रिकॉर्ड है जो नोवाक तोड़ने वाले हैं.

नोवाक ने हासिल की जीत, पहुंचे अगले दौर में
सात बार के विम्बलडन चैम्पियन नोवाक जोकोविच ने फ्रांस के 25वीं वरीयता प्राप्त आर्थर रिंडरकनेच को 4 सेट तक चले मुकाबले में हराकर अगले दौर में जगह बना ली है. सेंटर कोर्ट में हुए इस मुकाबले में जोकोविच ने पहले दो सेट बड़े आराम से जीत लिए. हालांकि अगले सेट में फ्रांसीसी खिलाड़ी ने वापसी की और सेट को 13 विनर्स शॉट लगाते हुए एकतरफा अंदाज में 6-1 से अपने नाम कर लिया. चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. यह गेम टाई-ब्रेकर तक पहुंचा और यहां पर नोवाक ने अनुभव का फायदा उठाते हुए सेट 7-6 से अपने नाम कर लिया. 

रोजर फेडरर का रिकॉर्ड अब टूटने की कगार पर 
आर्थर रिंडरकनेच के साथ हुए मुकाबले को जीतने के साथ ही जोकोविच ने फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. जोकोविच ने ऑल इंग्लैंड क्लब में अपनी 105वीं जीत दर्ज की. रोजर फेडरर के नाम भी इतनी ही जीत है. अगर जोकोविच अपना अगला मैच जीत जाते हैं तो वह 106 जीत के साथ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली खिलाड़ी बन जाएंगे. 
इस जीत के साथ ही वह अंतिम-16 में जगह बनाने में कामयाब हो गए. यह 18वां मौका है जब वह विम्बलडन के अंतिम-16 में जगह बनाने में कामयाब हुए. इसके साथ ही वह फेडरर के इस रिकॉर्ड के बराबर भी पहुंच गए हैं. 
जोकोविच का अगला मैच क्वालिफायर में रोमन साफिउलिन के साथ है. अगर नोवाक वह मैच जीत जाते हैं तो फेडरर के दोनों रिकॉर्ड टूट जाएंगे. 
हालांकि मैच के बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि, ‘अब 106वीं जीत के लिए मेरा और रोजर का मुकाबला करा दीजिए. यहीं रुकते हैं और रोजर को बुलाते हैं.’

 

"हर मैच के साथ नोवाक जोकोविच अपने उम्र को मात दे रहे हैं. फिलहाल वह 39 साल के हैं पर उनके खेल से उनकी उम्र का अंदाजा लगाना बिल्कुल भी आसान नह…"