जब भी T-20 क्रिकेट की बात होती है तो उसके रोमांचक होने में सबसे बड़ा पैमाना ढेर सारे रनों को माना जाता है. लेकिन कुछ मैच ऐसे होते हैं जिनमें रन तो कम बनते हैं पर रोमांच भरपूर होता है. MLC में कल यानी 5 जून को खेले गए सिएटल ऑर्कस और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच हुए मैच को आखिरी ओवर में सिएटल ने जीत लिया.
पूरे मैच में लगा रहा विकेटों का पतझड़
टॉस हार कर पहले बैटिंग करने उतरी सिएटल ऑर्कस के लिए सबसे ज्यादा रन कैमरन ग्रीन ने बनाए. उन्होंने 21 गेंदों में 20 रन बनाए. पूरे मैच में कोई भी बैट्समैन ज्यादा देर तक टिक ही नहीं पाया और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. सिएटल ने 20 ओवर में 121 रन बनाए. टेक्सास के लिए अम्शी डी सिल्वा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए. उनके अलावा एडम मिल्ने ने 2 और डियान फॉरेस्टर, वियान मुल्डर और अभिमन्यु लाम्बा ने 1-1 विकेट लिया.
122 रन के मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी टेक्सास की पारी भी कुछ-कुछ सिएटल जैसी ही रही. कोई भी खिलाड़ी देर तक पिच पर टिक नहीं पा रहा था. हालांकि टेक्सास के लिए शुभम रंजने एक छोर पर टिके हुए थे और ऐसा लग रहा था कि वह मैच जीता देंगे. हालांकि दूसरे छोर पर उनको खिलाड़ियों का साथ नहीं मिला. सिएटल के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट शनाका ने लिए. वहीं, 3 विकेट ऑट्नील बार्टमैन को मिले.
लास्ट ओवर ड्रामा और शनाका का रिकॉर्ड
टेक्सास के लिए शुभम रंजने पूरी कोशिश कर रहे थे और गेम को लास्ट ओवर तक ले गए. लास्ट ओवर में जीत के लिए टेक्सास को 15 रन बनाने थे. बॉलिंग के लिए आए शनाका और क्रीज पर थे शुभम. पहली बॉल पर शुभम ने चौका लगा दिया. अब 5 गेंदों में टेक्सास को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे. दूसरी गेंद पर शुभम ने सिंगल लिया और स्ट्राइक पर आ गए डोनोवन फरेरा. अब 4 गेंदों में टेक्सास को 10 रन चाहिए थे. उसके बाद जो हुआ वो MLC के क्रिकेट इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था. शनाका की तीसरी बॉल पर फरेरा बोल्ड हो गए. अब टेक्सास के लिए बैटिंग करने आए सैवेज जिसको शनाका ने हेटमायर के हाथों कैच कराया.
उसके बाद आए एडम मिल्न भी बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में टिम साइफर्ट को कैच थमा बैठे और इस तरह दसुन शनाका ने अपनी हैट्रिक पूरी कर ली. इस विकेट के साथ टेक्सास यह मैच हार गई थी, क्योंकी उसे अब 1 बॉल में 10 रन चाहिए थे और जिस तरह की लय में शनाका थे उनसे नो बॉल की उम्मीद बिल्कुल भी नहीं थी. हुआ भी कुछ ऐसा ही, नो बॉल तो छोड़िए शनाका ने लास्ट बॉल पर भी विकेट लेके डबल हैट्रिक पूरी कर ली. MLC इतिहास की यह पहली डबल हैट्रिक थी. शनाका ने 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर सिएटल को मैच जीता दिया. उन्हें इस पर्फॉरमेंस के लिए मैन ऑफ द मैच मिला.
"जब भी T-20 क्रिकेट की बात होती है तो उसके रोमांचक होने में सबसे बड़ा पैमाना ढेर सारे रनों को माना जाता है. लेकिन कुछ मैच ऐसे होते हैं जिनमें…"
