फीफा वर्ल्ड कप में 14वें दिन यानि 24 जून से अब तक खेले मुकाबले ने नॉकआउट की तस्वीर लगभग साफ कर दी है. ब्राजील और मैक्सिको ने शानदार जीत दर्ज कर अपनी ताकत दिखाई, जबकि साउथ अफ्रीका ने इतिहास रचते हुए पहली बार नॉकआउट में जगह बनाई. मोरक्को ने भी रोमांचक जीत के साथ अंतिम-32 का टिकट पक्का कर लिया.
स्विट्जरलैंड से हार के बाद भी कनाडा नॉकआउट में पहुंचा
स्विट्जरलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराकर ग्रुप B में पहला स्थान हासिल कर लिया. पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन गोल नहीं हुआ. दूसरे हाफ की शुरुआत में रुबिन वर्गास ने स्विट्जरलैंड को बढ़त दिलाई.
इसके बाद जोहान मंजाम्बी ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. कनाडा की ओर से प्रॉमिस डेविड ने एक गोल जरूर किया, लेकिन टीम बराबरी नहीं कर सकी. इस जीत के साथ स्विट्जरलैंड ग्रुप विजेता बना जबकि कनाडा भी नॉकआउट में पहुंच गया.
बोस्निया और हर्जेगोविना ने कतर को दी मात
बोस्निया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कतर को 3-1 से हराया. मैच की शुरुआत से ही बोस्निया आक्रामक नजर आया और पहले हाफ में दो गोल की बढ़त बना ली. कतर ने वापसी की कोशिश की लेकिन बोस्निया ने मैच पर नियंत्रण बनाए रखा. इस जीत ने बोस्निया की नॉकआउट उम्मीदों को जिंदा रखा.
मोरक्को ने कटाया नॉकआउट का टिकट
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला मोरक्को और हैती के बीच खेला गया. हैती ने शुरुआती बढ़त लेकर मोरक्को पर दबाव बनाया, लेकिन अफ्रीकी टीम ने शानदार वापसी की. अशरफ हकीमी और इस्माइल साइबारी ने पहले हाफ में स्कोर बराबर किया.
दूसरे हाफ में सौफियान रहिमी और गेसिम यासीन के गोलों ने मोरक्को को 4-2 की जीत दिलाई. इस जीत के साथ मोरक्को ने नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया.
ब्राजील का जलवा बरकरार
ब्राजील ने अपने दबदबे को कायम रखते हुए स्कॉटलैंड को 3-0 से हराया. विनीसियस जूनियर ने दो शानदार गोल दागे और मैच के हीरो रहे. पहला गोल उन्होंने सातवें मिनट में किया जबकि दूसरा गोल पहले हाफ के अतिरिक्त समय में आया. दूसरे हाफ में मैथियस कुन्हा ने तीसरा गोल कर जीत पक्की कर दी. ब्राजील ग्रुप C में शीर्ष स्थान पर रहा.
मैक्सिको ने मैच जीत ग्रुप टॉप किया
मैक्सिको ने ग्रुप स्टेज का अंत शानदार अंदाज में किया. चेकिया के खिलाफ दूसरे हाफ में टीम ने अपना आक्रामक खेल दिखाया. मातेओ चावेज ने पहला गोल कर बढ़त दिलाई. छह मिनट बाद जूलियन क्विनोनेस ने स्कोर 2-0 कर दिया. इंजरी टाइम में अल्वारो फिदाल्गो ने तीसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी. मैक्सिको ने ग्रुप A में सभी मैच जीतकर पहला स्थान हासिल किया.
साउथ अफ्रीका पहली बार फीफा के नॉकआउट में पहुंचा
साउथ अफ्रीका ने इतिहास रचते हुए साउथ कोरिया को 1-0 से हराया और पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में पहुंच गया. पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच संघर्ष देखने को मिला, लेकिन 63वें मिनट में थापेलो मासेको ने निर्णायक गोल कर दिया. इसके बाद अफ्रीकी टीम ने मजबूत डिफेंस के दम पर बढ़त बरकरार रखी.
ये भी पढ़ें: इंग्लैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी का चेंजिंग रूम क्यों होगा बाकी खिलाड़ियों से अलग,क्या है ICC का नियम?
"फीफा वर्ल्ड कप में 14वें दिन यानि 24 जून से अब तक खेले मुकाबले ने नॉकआउट की तस्वीर लगभग साफ कर दी है. ब्राजील और मैक्सिको ने शानदार जीत दर्ज…"
