क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में कल यानी 28 जून को खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हरा दिया. भारत के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा था.इस हार के साथ ही भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद खत्म हो गई हैं. ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराया.

हरमनप्रीत की आतिशी पारी से भारत को मिली मजबूती
टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने उतरी भारत ने धीमी मगर सधी हुई शुरूआत की. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े. शेफाली ने 34 और मंधाना ने 38 रन बनाए. 

उसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जेमिमा के साथ मिल कर पारी को संभाला और रन गति को भी बढ़ाने का प्रयास किया. हरमन ने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. 

जेमिमा अपने शॉट सेलेक्शन से थोड़ा जुझती हुई नजर आईं और वो रिटायर हर्ट हो गई. अंतिम ओवर में हरमन ने ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी की लगातार तीन गेंदों पर छक्के जड़े और भारत के स्कोर को 160 के पार पहुंचाया. 

भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 170 रन बनाए. भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा 27 गेंदों में 56 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान सोफी मोलिनक्स ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए.

ऑस्ट्रेलिया के सीनियर खिलाड़ियों ने दिलाई जीत
पारी के पहले हाफ तक भारत और ऑस्ट्रलिया लगभग बराबरी पर थे. एक समय भारत ने रन गति पर अच्छी पकड़ बना ली थी और ऑस्ट्रेलिया को जीतने के लिए प्रति ओवर 9 रन से ज्यादा बनाने थे. 9.1 ओवर में ऑस्ट्रेलिया 68 रन पर 3 विकेट था. 

उसके बाद बैटिंग करने आए ऑस्ट्रेलिया के दो सबसे अनुभवी खिलाड़ियों ने भारतीय गेंदबाजों को फिर कोई भी मौका नहीं दिया. ऐश्ले गार्ड्नर और एलिस पेरी ने शतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया. 

आउट होने से पहले एलिस पेरी ने 56 रन बनाए वहीं ऐश्ले गार्ड्नर 29 गेंद में 53 रन बनाकर नाबाद लौटीं. भारत के लिए श्री चरणी ने दो विकेट लिए. वहीं रेनुका सिंह और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट लिया.

मैच से जुड़े कुछ रिकॉर्ड्स 
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में यह अब तक का सबसे बड़ा चेज था. इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के पास था, जिसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2009 में 164 रन बनाकर चेज किया था. 
वहीं एक और बार यह कारनामा उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ भी 164 रन बनाकर किया था.
श्री चरणी ने विमेंस वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत के लिए एक ही एडिशन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया.
एक एडिशन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अमेलिया केर के पास है, जिन्होंने 2024 में 15 विकेट लिए थे. इस लिहाज से श्री चरणी दूसरे पायदान पर हैं. 

ये भी पढ़ें: आयरलैंड ने क्लीन स्वीप के साथ दर्ज की ऐतिहासिक सीरीज जीत, भारत को दूसरे टी-20 में 1 रन से हराया

"क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में कल यानी 28 जून को खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हरा दिया. भारत के लिए यह मुकाबला करो…"