लंदन के केनिंगटन ओवल में खेले गए पहले सेमिफाइनल में वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 126 रन का टार्गेट दिया, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 13 ओवर में हासिल कर लिया.

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को बांधकर रखा
ऑस्ट्रेलिया के निमंत्रण पर पहले बैटिंग करने आई वेस्टइंडीज़ ने धीमी मगर सधी हुई शुरुआत की. कप्तान हेली मैथ्यूज और कियाना जॉसेफ ने संभल कर बैटिंग करते हुए पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े.  

धीमे रनरेट का दबाव पूरी टीम पर दिखा और तेज खेलने के चक्कर में नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे.  ऑस्ट्रेलिया की कसी हुई गेंदबाजी का जवाब वेस्टइंडीज के किसी भी बल्लेबाज के पास नहीं था. रन रेट के दबाव के चलते और नियमित विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर बनाने में असफल रही. 

वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान हेली मैथ्यूज ने सबसे अधिक 28 गेंदों में 30 रन बनाए. उनके अलावा बैटिंग ऑलराउंडर डीएंड्रा डॉटिन ने अंत में आकर 16 गेंद में 26 रन बनाए.  इस तरह 20 ओवर में वेस्टइंडीज ने 125 रन बनाए.  

ऑस्ट्रेलिया के लिए ऐश्ले गार्डनर ने सबसे किफायती गेंदबाजी की और 4 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट झटके. उनके अलावा कप्तान सोफी मोलिनिक्स और जॉर्जिया वेयरहम ने भी दो-दो विकेट लिए. वहीं एक अनाबेल सदरलैंड को एक विकेट मिला. 

बेथ मूनी और ऐश्ले के तूफान में उड़ा वेस्टइंडीज का सेमीफाइनल का सपना
126 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. उसका पहला विकेट 29 के स्कोर पर गिरा. हालांकि छोटे लक्ष्य की वजह से ऑस्ट्रेलिया कभी दबाव में नहीं दिखी. 

एक तरफ से बेथ मूनी रुकने का नाम नहीं ले रही थी, और आक्रामक रवैये से बल्लेबाजी कर रही थीं. टीम की सीनियर खिलाड़ी और पिछले मैच की मैन ऑफ द मैच एलिस पेरी रिटायर हर्ट हो गई. 

उनके बाद बैटिंग करने आई ऐश्ले गार्डनर ने बेथ मूनी का बखूबी साथ दिया और मैच में कोई और विकेट गिरने नहीं दिया. और ऑस्ट्रलिया ने 13 ओवर में 127 रन बना के मैच अपने नाम कर लिया. 

ऑस्ट्रेलिया के लिए बेथ मूनी ने सबसे ज्यादा 36 गेंदो में 61 रन बनाए, वहीं ऐश्ले गार्डनर ने 20 गेंदों में 35 रन बनाए. वेस्टइंडीज के लिए चिनेल हेनरी और कप्तान हेली ने एक-एक विकेट लिया.

फाइनल की राह 
ऑस्ट्रेलिया ने इस वर्ल्ड कप में अभी तक खेले 6 मैचों में से सारे 6 मैच जीत कर फाइनल में जगह बना ली है. अब उसका अगला मैच दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से होगा.  

अगला सेमीफाइनल 2 जूलाई को केनिंगटन में होगा. इस सेमीफाइनल में ऐश्ले गार्डनर को मैन ऑफ द मैच मिला. वो विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉकआउट मैचों में सबसे ज्यादा 3 सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच जीतने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. 

 





 

"लंदन के केनिंगटन ओवल में खेले गए पहले सेमिफाइनल में वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 126 रन का टार्गेट दिया, जिसे ऑस्ट्रेलि…"