ओकलैंड कोलोसियम में खेले गए मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम ने आखिरी गेंद पर टेक्सास सुपर किंग्स को सांस रोक देने वाले मुकाबले में 1 विकेट से हरा दिया. टेक्सास के लिए आखिरी ओवर में अकील हुसैन ने हैट्रिक भी लिया पर लास्ट बॉल पर निखिल चौधरी ने सिक्स लगाकर मैच वॉशिंगटन की झोली में डाल दिया.

खराब शुरुआत के बाद भी अच्छे स्कोर तक पहुंची टेक्सास
टॉस जीत के पहले बैटिंग करने आई टेक्सास की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फाफ डुप्लेसिस 14 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से रन गति काफी धीमी थी. हालांकी अंत में वियान मुल्डर और डोनोवन फरेरा ने तेज पारी खेल के टीम के स्कोर को 185 रन तक पहुंचाया. 

टेक्सास की तरफ से वियान मुल्डर ने 20 बॉल में 43 रन बनाए और डोनोवन फरेरा ने 20 बॉल में 44 रन बनाए. वॉशिंगटन की तरफ से निखिल चौधरी ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिया. वहीं लॉकी फर्ग्यूशन और मार्को यान्सन को एक-एक विकेट मिला.

बेहतरीन शुरुआत के बाद लड़खड़ाई वॉशिंगटन, आखिरी गेंद पर मिली जीत
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉशिंगटन को मिचेल ऑवन ने आक्रामक शुरुआत दी. वहीं कप्तान स्मिथ भी एक छोर से ऑवन का अच्छा साथ दे रहे थे. एक समय टीम का स्कोर का 8वें ओवर में 90 रन था और ऐसा लग रहा था वॉशिंगटन यह लक्ष्य आराम से हासिल कर लेगी. पर ऑवन के आउट होते ही टीम तास के पत्तों की तरह बिखर गई. 

अंत में निखिल चौधरी ने लास्ट बॉल पर सिक्स लगाकर वॉशिंगटन को यह मैच जीता दिया. टेक्सास की ओर से अकील हुसैन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिया. उनके अलावा एडम मिल्ने और वियान मु्ल्डर ने 2-2 विकेट लिया वहीं एक विकेट अभिमन्यु लाम्बा को मिला.

आखिरी ओवर का ड्रामा, निखिल चौधरी बने मैच के हीरो
वॉशिंगटन फ्रीडम को आखिरी ओवर में सिर्फ 6 रन चाहिए थे, और उसके 4 विकेट बचे हुए थे. आसान सा दिखने वाला यह लक्ष्य तब मुश्किल हो गया जब अकील हुसैन की पहली बॉल पर कोई रन नहीं बना और उसके बाद लगातार तीन विकेट गिर गए. 

दूसरी बॉल पर मार्को यान्सन आउट हो गए उसके बाद अपोन्सो और फिर आसिफ महमूद. इस हैट्रिक ने टेक्सास में जीत की उम्मीद जगा दी. और लगातार तीन विकेट गिरने से वॉशिंगटन बैकफुट पर आ गई. अब दो बॉल पर वॉशिंगटन को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे. 

पांचवी बॉल पर लॉकी फर्ग्यूशन ने लेग बाई से सिंगल लेके निखिल को स्ट्राइक दी. जीत के लिए 5 रन चाहिए थे और अगर चौका लगता तो मैच सुपर ओवर में चला जाता. निखिल ने आखिरी गेंद पर मिड विकेट पर छक्का लगाकर मैच वॉशिंगटन के पक्ष में डाल दिया.

निखिल को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच मिला.

 

"ओकलैंड कोलोसियम में खेले गए मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम ने आखिरी गेंद पर टेक्सास सुपर किंग्स को सांस रोक देने वाले मुकाबले में 1 विकेट से हर…"