दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को हरा दिया है. भारत की तरफ से मानव सुथर ने मैच में 10 विकेट लिए और देवदत्त पड्डिकल ने पूरे मैच में 211 रन बनाए. भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे. जिसके जवाब में श्रीलंका ने पहली पारी में 284 रन बनाए. इस तरह पहली पारी के आधार पर भारत को 178 रनों की लीड मिली. दूसरी पारी में भारत ने 193 रन बनाए और श्रीलंका को जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य दिया. श्रीलंका इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और 206 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.
भारत की दोनों पारियों पर एक नजर
भारतीय टीम ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया. पहली पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन देवदत्त पड्डिकल ने बनाए. उन्होंने पहली पारी में 167 रन बनाए. उनके अलावा केएल राहुल ने 82 रन की पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर एक बड़े स्कोर की नींव रखी. दोनों के बीच 162 रन की साझेदारी हुई. मध्यक्रम में ऋषभ पंत ने 39 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन की पारी खेली. इस तरह भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए.
भारत की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी रही. हालांकी यशस्वी इस पारी में 0 के स्कोर पर आउट हो गए. इसके बाद देवदत्त ने केएल राहुल के साथ मिलकर पारी को संभाला. दोनों के बीच 65 रन की साझेदारी हुई. इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. भारत के ट्रंप कार्ड ऋषभ पंत की पारी ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने 69 गेंदों में 66 रन की पारी खेली. भारत की दूसरी पारी 193 रनों पर सिमट गई. पहली पारी की 178 रन की बढ़त और दूसरी पारी में 193 रन बनाए. इस तरह भारत ने श्रीलंका को 372 रनों का लक्ष्य दिया.
श्रीलंका के शेर घर में ढेर
अपने घर में जब श्रीलंका बैटिंग करने उतरी तो उसे अंदाजा भी नहीं होगा कि उसकी हालत इतनी खराब हो सकती है. खैर वह तो सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला थे जिन्होंने पारी को संभाला और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले गए. श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई. भारत के लिए मानव सुथर ने 4 और जडेजा ने तीन विकेट लिए.
372 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही. 50 रन के अंदर ही टीम के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. दूसरी पारी में भी मानव सुथर का कहर जारी रहा. श्रीलंका के 6 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए. जिसमें 4 बल्लेबाज तो 0 के स्कोर से भी आगे नहीं बढ़ पाए. श्रीलंका की दूसरी पारी में भी सोनल दिनुशा ने उनके सबसे सफल बल्लेबाज रहे. उन्होंने 84 रन बनाए. इसके अलावा कप्तान धनन्जया डी सिल्वा ने 59 रन की पारी खेली. मानव सुथर ने इस पारी में 6 विकेट लिए. इस तरह वह इस पूरे मैच में 10 विकेट लेने में सफल रहे.
"दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को हरा दिया है. भारत की तरफ से मानव सुथर ने मैच में 10 विकेट लिए और देवदत्त पड्डिकल…"
