भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का आगाज आज बेलफास्ट में होगा. इस सीरीज के साथ भारतीय टी20 टीम में एक नए दौर की शुरुआत होने जा रही है.

श्रेयस अय्यर कैप्टन, वैभव कर सकते हैं डेब्यू
पहली बार श्रेयस अय्यर टी20 अंतरराष्ट्रीय में टीम इंडिया की कप्तानी करते नजर आएंगे, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने की पूरी संभावना है.
अगर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे. 

उन्होंने आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और अब सभी की नजरें उनके संभावित डेब्यू पर टिकी हैं.

श्रेयस अय्यर भारत के लिए पहली बार इस फॉर्मेट में करेंगे कप्तानी
श्रेयस अय्यर के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास रहने वाला है. लंबे समय बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे अय्यर पहली बार इस प्रारूप में कप्तानी करेंगे. टीम प्रबंधन उन्हें नए कप्तान के रूप में देख रहा है और आयरलैंड दौरा उनकी नेतृत्व क्षमता की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है.

मैच में बारिश बन सकती है विलेन
हालांकि मैच पर मौसम का साया भी मंडरा रहा है. बेलफास्ट में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे मुकाबला प्रभावित हो सकता है. इसके बावजूद भारतीय टीम जीत के साथ अपने नए अभियान की शुरुआत करना चाहेगी.

आयरलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार
भारत का आयरलैंड के खिलाफ टी20 रिकॉर्ड शानदार रहा है और टीम अब तक इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अजेय है. ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी का आगाज जीत के साथ होता है या नहीं, और क्या वैभव सूर्यवंशी अपने डेब्यू को यादगार बना पाते हैं.
 

"भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का आगाज आज बेलफास्ट में होगा. इस सीरीज के साथ भारतीय टी20 टीम में एक नए दौर की शुरुआत होने जा …"