भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराकर FIH प्रो लीग 2025-26 में शानदार जीत दर्ज की. मुकाबले में एक समय पाकिस्तान ने बढ़त बनाई थी, लेकिन भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए जीत अपने नाम कर ली.
पाकिस्तान बढ़त बनाने के बाद मैच में हुई पीछे
ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले क्वार्टर में अहमद नदीम के गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.
हालांकि भारतीय टीम दबाव में नहीं आई और दूसरे क्वार्टर में अभिषेक ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इसके कुछ ही मिनट बाद नीलकांत शर्मा ने गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी.
तीसरे क्वार्टर में भारत ने बढ़त हासिल की
तीसरे क्वार्टर में भारत ने अपना दबदबा जारी रखा और सुखजीत सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर बढ़त को 3-1 कर दिया. चौथे क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने एक और गोल दागकर भारत की बढ़त 4-1 कर दी, जिससे टीम जीत की ओर बढ़ती नजर आई.
लास्ट क्वार्टर में रोमांचक हुआ मुकाबला
पाकिस्तान ने अंतिम क्वार्टर में लगातार दो गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया. पाकिस्तान की ओर से अबू बकर और शकील ने गोल किए, लेकिन भारतीय टीम ने आखिरी मिनटों में बढ़त बचाए रखी और 4-3 से जीत दर्ज कर ली.
मनप्रीत सिंह को मिला प्लेयर ऑफ द मैच
भारत के लिए अभिषेक, नीलकांत शर्मा, सुखजीत सिंह और राजिंदर सिंह ने गोल किए. वहीं अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.
इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा. भारतीय टीम पिछले एक दशक से पाकिस्तान के खिलाफ कभी मैच नहीं हारी है.
ये भी पढ़ें: मैक्सिको और ब्राजील ने जीते अपने मुकाबले, साउथ अफ्रीका ने रचा इतिहास वहीं मोरक्को नॉकआउट में
"भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराकर FIH प्रो लीग 2025-26 में शानदार जीत दर्ज की…"
