नॉनडेस्क्रिप्ट क्रिकेट क्लब ग्राउंड, कोलंबो में खेले गए एकमात्र वॉर्मअप मैच में भारत ने श्रीलंका को हरा दिया है. यह जीत भारतीय नजरिए से बहुत एहम है. श्रीलंका दौरे पर गई इस भारतीय टीम में अनुभव की बहुत कमी है. इस टीम में सिर्फ तीन ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने इससे पहले श्रीलंका का दौरा किया है. इस नजरिए से यह जीत भारत के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी.
श्रीलंका की बैटिंग
टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने उतरी श्रीलंका ने पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों की खूब खबर ली. भारतीय गेंदबाजों को श्रीलंका के बल्लेबाजों का विकेट चटकाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.पहली पारी में श्रीलंका ने 363 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी. भारत की तरफ से पहली पारी में जडेजा, कुलदीप और मानव सुथर ने दो-दो विकेट लिया.
श्रीलंका की दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने बढ़िया कमबैक दिखाया. श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी 200 रनों पर घोषित कर दी. इस पारी में भारत के गेंदबाजों ने 6 विकेट चटकाए. दूसरी पारी में भारत के लिए रविंद्र जडेजा और गुरनूर ब्रार ने दो-दो विकेट लिया. वहीं प्रसिद्ध कृष्णा और सिराज को 1-1 विकेट मिला. श्रीलंका ने भारत को जीत के लिए 207 रनों का लक्ष्य दिया था.
भारतीय बैटिंग, सिराज का तूफान
श्रीलंका की पहली पारी में 363 रन के जवाब में भारत ने पहली पारी में 357 रन बनाकर पारी घोषित कर दिया. इस पारी में देवदत्त पड्डिकल ने शतकीय पारी खेली थी. भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने 63 रन बनाए उनके अलावा केएल राहुल ने 40, मानव सुथर ने 41, और गुरनूर ब्रार ने 36 रन बनाए. श्रीलंका ने दूसरी पारी में 200 रन बनाकर पारी घोषित कर दिया. इस तरह भारत को जीत के लिए 207 रनों की आवश्यकता थी.
भारत के लिए पारी की शुरुआत करने आए यशस्वी जायसवाल और चोट के चलते पहली पारी से बाहर रहे भारतीय कप्तान शुभमन गिल. दोनों ने बेहतरीन शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 90 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की. यशस्वी ने 46 गेंद में 61 रन बनाए और गिल ने 54 गेंद में 44 रन की पारी खेली. हालांकि इसके बाद भारत ने जल्दी-जल्दी कुछ विकेट गंवाए. हालात कुछ ऐसे हो गए की भारत को जीत के लिए आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे. उस समय क्रिज पर थे मोहम्मद सिराज. गेंदबाजी से अच्छा योगदान न दे पाने की भरपाई उन्होंने बैटिंग के जरिए दे दी. उन्होंने आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर भारत को जीत दिला दी.
"नॉनडेस्क्रिप्ट क्रिकेट क्लब ग्राउंड, कोलंबो में खेले गए एकमात्र वॉर्मअप मैच में भारत ने श्रीलंका को हरा दिया है. यह जीत भारतीय नजरिए से बहुत…"
