इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रहे वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप से भारत के लिए बुरी खबर है. सिंगल्स कैटेगरी में भारत के पुरुष और महिला खिलाड़ी अपने मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. भारत के आयुष शेट्टी और पीवी सिंधु का सफर प्री क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गया. मिक्सड डबल्स में भी भारत का अभियान कल समाप्त हो गया. भारत को मेडल की उम्मीद अब बस पुरुष और महिला डबल्स से है.
आयुष शेट्टी और पीवी सिंधु बाहर
भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी प्री क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए हैं. आयुष शेट्टी ने अपने वर्ल्ड चैम्पियनशिप की शुरुआत दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी शी युकी को हराकर किया था. वहीं सिंधु भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही थीं. प्री क्वार्टर फाइनल में आयुष का सामना इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से था. 11वीं वरीयता प्राप्त फरहान के खिलाफ आयुष लय में नहीं दिखे और लगातार दोनों गेम हार गए. 21 साल के आयुष इंडोनेशियन खिलाड़ी फरहान से 19-21, 11-21 से मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.
महिला सिंगल्स में दुनिया की 9वीं सीड भारत की पीवी सिंधु का सामना तीसरी सीड वांग झी के साथ था. दोनों के बीच एक कड़ा मुकाबला देखने को मिला. 1 घंटे 28 मिनट तक चले इस मुकाबले में सिंधु को 21-11, 15-21, 21-17 से हार मिली. यह दोनों के बीच खेला जाने वाला 9वां मुकाबला था जिसमें वांग झी को छठवीं बार जीत मिली है. इस हार के साथ इस साल के वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में भारत के सिंगल्स कैटेगरी में मेडल की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं.
मिक्सड डबल्स में भी निराशा
सिंगल्स की कैटेगरी में तो निराशा हाथ लगी ही, मिक्सड डबल्स में भी भारत की चुनौती समाप्त हो गई है. प्री क्वार्टर फाइनल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रेस्टो की जोड़ी भी अब टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. चीन के गुओ शिनवा और चेन फांगहुई की जोड़ी ने भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रेस्टो को प्री क्वार्टर फाइनल में आसानी से हरा दिया. 32 मिनट तक चले इस मुकाबले में चीनी जोड़ी ने 16-21, 5-21 से मैच जीत लिया.
भारत की डबल उम्मीदें
भारत की डबल्स जोड़ी ने दोनों ही कैटेगरी में क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने प्री क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के जुनैदी आरिफ और याप रॉय को किंग की जोड़ी को 21-23, 21-19, और 21-17 से हराया. वहीं महिलाओं की कैटेगरी में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है. दोनों की जोड़ी ने जापान की 7वीं सीड रिन इवानागा और की नकानिशी को 21-16, 21-12 से हराया.
"इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चल रहे वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप से भारत के लिए बुरी खबर है. सिंगल्स कैटेगरी में भारत के पुरुष और महिला खि…"
