विंबलडन के दूसरे दौर में स्टार खिलाड़ियों ने अपने अपने मुकाबले जीत कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है. नोवाक जोकोविच और डिफेंडिंग चैंपियन यानिक सिनर ने अपना - अपना मुकाबला जीता. 

नोवाक जोकोविच अगले दौर में
नोवाक जोकोविच ने ग्रीस के स्टीफानोस को एक आसान मुकाबले में 6-3, 6-4, 6-2 से हराया. 39 साल के नोवाक ने स्टीफानोस को 98 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे सेटों में हराकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है.

मैच के बाद जोकोविच ने फैंस से बात करते हुए कहा की, 'मुझे विंटेज शब्द पसंद है, यह शब्द सुनना अच्छा लगता है क्योंकि यह पुराने बेहतरीन दिनों की याद दिलाता है. जब आप कोर्ट पर इस तरह का खेल दिखाते हैं, तो आपको बहुत खुशी और संतुष्टि मिलती है.' उन्होंने आगे कहा, ' मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं.'

मशक्कत के बाद जीते सिनर
वहीं एक दूसरे मैच में डिफेंडिंग चैंपियन और वर्ल्ड नंबर वन यानिक सिनर ने पुर्तगाल के नूनो बोर्गेस के खिलाफ जीत दर्ज की और अगले दौर में जगह बनाई. हालांकि उनके लिए भी ये मैच आसान नहीं था और वर्ल्ड नंबर 48 के बोर्गेस ने उनसे काफी मशक्कत करवाई. 

यानिक सिनर ने दबाव के पल में अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए खुद को मैच में बनाए रखा और मैच को हाथ से निकलने नहीं दिया. उन्होंने बोर्गेस के खिलाफ ढाई घंटे से ज्यादा देर तक चले मैच में 7-6 (7-4), 7-6 (7-2), 6-4 से जीत दर्ज की.

 

टूर्नामेंट के तीसरे दौर में नोवाक जोकोविच का सामना फ्रांस के आर्थर रिंडरनेच से होगा वहीं यानिक सिनर अपना अगला मुकाबला अमेरिका के जेनसन ब्रुक्सबी के साथ खेलेंगे.

"विंबलडन के दूसरे दौर में स्टार खिलाड़ियों ने अपने अपने मुकाबले जीत कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है. नोवाक जोकोविच और डिफेंडिंग चैंपियन यान…"