केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 13 सितंबर को मुंबई में कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले सभी 21 राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू कर दिया जाएगा. हालांकि National Register Of Citizens (NRC) को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार अभी भी सहयोगी दलों और विभिन्न पक्षों से बातचीत कर रही है.

तीन तलाक और अनुच्छेद 370 का जिक्र
मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए शाह ने कहा कि उनकी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए तीन तलाक को खत्म किया. उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार ने बिना खून बहाए और बिना गोली चलाए अनुच्छेद 370 हटाया. शाह ने कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि कुछ राज्यों में पहले ही UCC लागू किया जा चुका है और अब पार्टी का संकल्प सभी भाजपा शासित राज्यों में इसे लागू करने का है.

गौरतलब है कि भाजपा ने अपने 2024 के चुनावी घोषणापत्र में UCC लागू करने का वादा किया था. पार्टी विवाह, उत्तराधिकार और तलाक जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए एक समान कानूनी ढांचा बनाना चाहती है. हालांकि आदिवासी समुदायों को उनकी पारंपरिक रीति-रिवाजों और पहचान को बनाए रखने के लिए UCC से छूट दी गई है.

मणिपुर में NRC पर अभी बातचीत जारी
NRC को लेकर शाह ने कहा कि सरकार मणिपुर में अपने गठबंधन सहयोगियों और विभिन्न समूहों से चर्चा कर रही है. उन्होंने बीते 12 वर्षों में सामाजिक, आर्थिक और आपराधिक न्याय के क्षेत्र में हुए सुधारों का भी जिक्र किया. शाह के अनुसार भारतीय न्याय संहिता को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है और पिछले एक साल में सजा की दर 30 प्रतिशत दर्ज की गई है.

नक्सलवाद और आतंकवाद पर सख्त रुख
शाह ने कहा कि सरकार ने नक्सलवाद पर बेरहमी से कार्रवाई की है और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है. उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार ने दुश्मनों से बिना समझौता किए लड़ने का साहस दिखाया है.

अवैध घुसपैठ पर कार्रवाई का दावा
अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई पर बोलते हुए शाह ने कहा कि गृह मंत्री के तौर पर वे कार्रवाई का ब्योरा सार्वजनिक नहीं कर सकते, लेकिन इतना जरूर कहा जा सकता है कि देश में अवैध रूप से घुसे हर व्यक्ति की पहचान की जाएगी और अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर वापस भेजा जाएगा.

नशा मुक्त अभियान और मोदी के 25 साल
शाह ने बताया कि वो सरकार के नशा मुक्त अभियान को बढ़ावा देने के लिए हर राज्य का दौरा करेंगे और उन्हें भरोसा है कि देश नशे की समस्या को खत्म करने में सफल होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित पद पर 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा के एक महीने चलने वाले जन-संपर्क अभियान ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भी जिक्र किया, जो मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होगा. शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 साल का सार्वजनिक जीवन एक असाधारण उपलब्धि है, जिसने भारत को वैश्विक स्तर पर एक अलग पहचान दी है. 

एशियाटिक सोसाइटी में प्रदर्शनी का उद्घाटन
इससे पहले शाह ने मुंबई की एशियाटिक सोसाइटी में ‘श्री गणेश ज्ञानरति’ नामक पांडुलिपि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि ज्ञान किसी विचारधारा का बंदी नहीं हो सकता और उसे किसी भी रूप में बांधने की कोशिश उसके मूल उद्देश्य को विकृत कर देती है. उन्होंने कहा कि एशियाटिक लाइब्रेरी के पास मौजूद ज्ञान के विशाल भंडार का उपयोग देश और दुनिया की भलाई के लिए होना चाहिए. 

लैब-ग्रोन डायमंड और आभूषण उद्योग में निवेश
बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एक पुरस्कार समारोह में शाह ने कहा कि भारत को लैब में तैयार होने वाले हीरों (लैब-ग्रोन डायमंड) के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करना चाहिए और सरकार इसके लिए हर तरह की नीतिगत मदद, बुनियादी ढांचा और इकोसिस्टम देने को तैयार है. उन्होंने बताया कि सरकार जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग में 50,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बना रही है और राजस्थान के जयपुर में एक नया जेम एंड ज्वेलरी बोर्स बनाया जा रहा है. 

 

-ममता सिंह 

"केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 13 सितंबर को मुंबई में कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले सभी 21 राज्यों…"