क्वींस पार्क में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराकर दो मैचों की टेस्ट श्रंखला को 1-1 से ड्रॉ करा लिया है. कप्तान बाबर और अब्दुल्ला शफीक की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने इस मैच में वेस्टइंडीज को मात दी. बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए शफीक को मैन ऑफ द मैच का अवार्ड मिला.

दूसरी पारी में लड़खड़ाई वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने पहली पारी में बेहतरीन बैटिंग करते हुए 344 रन बनाए थे. जिसमें कप्तान रॉस्टन चेज ने 70 और जस्टिन ग्रीव्स ने 73 रन की पारी खेली. उनके अलावा ब्रैंडन किंग ने 46 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम के स्कोर को साढ़े तीन सौ के करीब ले गए.  दूसरी पारी में कोई भी बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सका और टीम की बल्लेबाजी तास के पत्तों की तरह बिखर गई. दूसरी पारी में वेस्टइंडीज 117 रन ही बना पाई. दूसरी पारी में पाकिस्तान के अली उस्मान और साजिद खान ने 4-4 विकेट लिए.

शफीक और बाबर रहे मैच के हीरो
वेस्टइंडीज की पहली पारी में 344 रन के जवाब में उतरी पाकिस्तान ने अब्दुल्ला शफीक औऱ बाबर की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर 387 रन बनाए. अब्दुल्ला शफीक और बाबर के बीच 183 रन की साझेदारी हुई. अब्दुल्ला शफीक ने 160 रन बनाए और बाबर आजम ने 88 रन की पारी खेली. इनके अलावा ओपनर अजान अवैस ने 55 रन बनाए. 

पहली पारी के आधार पर पाकिस्तान को 43 रन की बढ़त मिली. वहीं दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया और टीम सिर्फ 117 रन ही बना पाई. इस तरह पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ 75 रन बनाने थे. इस छोटे से लक्ष्य को हासिल करने में पाकिस्तान को कुछ खास दिक्कत नहीं हुई है और उसने यह लक्ष्य दो विकेट खोकर प्राप्त कर लिया. इस पारी में अब्दुल्ला शफीक ने नाबाद 24 और बाबर ने 30 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए. बाबर ने लगातार दो छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाई. 

सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बाबर और जस्टिन ग्रीव्स को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला. वहीं अब्दुल्ला शफीक को बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया. 

खत्म किया जीत का सूखा फिर भी WTC से बाहर
पाकिस्तान ने इस जीत के साथ ही अपने घर से बाहर हार के सिलसिले को तोड़ दिया है. पिछले तीन सालों में घर से बाहर पाकिस्तान ने 8 टेस्ट मैच गंवाए थे. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने 2023 के बाद घर से बाहर अपनी पहली जीत को हासिल कर लिया है. WTC की रैंकिंग की बात करें तो फिलहाल वह आखिरी स्थान पर है और उसके WTC में लगभग 7 पॉइंट्स हैं. इतने अंक के साथ WTC में उसकी फाइनल पहुंचने की कोई भी संभावना नहीं है.

 

"क्वींस पार्क में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराकर दो मैचों की टेस्ट श्रंखला को 1-1 से ड्रॉ करा लिया है. कप्तान बाबर …"