मेजर लीग क्रिकेट 2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में सिएटल ऑर्काज़ ने मौजूदा चैंपियन वॉशिंगटन फ़्रीडम को 88 रन के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में शानदार वापसी की. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में सिएटल का दबदबा देखने को मिला और वॉशिंगटन की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती नजर आई.
हेटमायर ने खेली हैट्स ऑफ वाली पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिएटल ऑर्काज़ की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए. इसके बाद सिकंदर रज़ा और आरोन जोन्स ने पारी को संभालते हुए अहम साझेदारी की.
अंतिम ओवरों में शिमरॉन हेटमायर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए केवल 37 गेंदों में नाबाद 79 रन बनाए. उनकी पारी में कई चौके और लंबे छक्के शामिल रहे.
वहीं मार्कस स्टॉयनिस ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए एक ही ओवर में लगातार पांच छक्के जड़ दिए. इन शानदार पारियों की बदौलत सिएटल ऑर्काज़ ने निर्धारित 20 ओवर में 227 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.
जसदीप सिंह की गेंदबाजी के आगे घुटने टेकी वॉशिंगटन फ्रीडम
228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सका.
ग्लेन मैक्सवेल समेत टीम के कई प्रमुख बल्लेबाज सिएटल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए. लगातार गिरते विकेटों के कारण वॉशिंगटन की टीम कभी भी लक्ष्य की ओर बढ़ती हुई नजर नहीं आई.
सिएटल के तेज गेंदबाज जसदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए और वॉशिंगटन की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.
अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके चलते वॉशिंगटन फ्रीडम की पूरी टीम 139 रन पर सिमट गई. जसदीप सिंह को मैन ऑफ द मैच मिला.
ये भी पढ़ें: FIFA 2026: जर्मनी उलटफेर का शिकार, अमेरिका हार के बाद भी नाकऑउट में, जानें दिन के सभी मैच का हाल
"मेजर लीग क्रिकेट 2026 में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में सिएटल ऑर्काज़ ने मौजूदा चैंपियन वॉशिंगटन फ़्रीडम को 88 रन के बड़े अंतर से हराकर टू…"
