ओमान के पास भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत; 13 को बचाया गया
ओमान के तट के पास एक भारतीय जहाज पर हुए हमले में गुजरात के एक नाविक की मौत हो गई. जहाज पर सवार बाकी 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है. घटना 2 नवंबर की बताई जा रही है, जिसके बाद भारतीय अधिकारियों ने नाविकों की मदद और उन्हें वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
कैसे हुआ हमला?
दरअसल, एमएसवी अल युसूफी नाम का मालवाहक जहाज 14 भारतीय नाविकों को लेकर जा रहा था. इसी दौरान ओमान के तट के पास एक अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया. हमले के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही ओमान कोस्ट गार्ड ने बचाव अभियान शुरू किया और 13 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हालांकि, इस दौरान गुजरात के रहने वाले नाविक गांधार नाहिम अजीज गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में उनकी मौत हो गई.
नाविकों को भारत लाने की तैयारी
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने बताया कि मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं. सुरक्षित बचाए गए नाविकों को हर संभव मदद दी जा रही है. वहीं, मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की व्यवस्था भी की जा रही है.
मध्य पूर्व के तनाव का असर
इस घटना को मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण खाड़ी क्षेत्र में समुद्री रास्तों पर खतरा बढ़ा है. खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.
ऐसे में भारतीय जहाज पर हुआ यह हमला समुद्री रास्तों से गुजरने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करता है.
"ओमान के पास भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत; 13 को बचाया गयाओमान के तट के पास एक भारतीय जहाज पर हुए हमले में गुजरात के एक नाविक …"













