विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में बोलते हुए पाकिस्तान को दुनिया का 'अनूठा' यानि ‘Unique’ देश बताया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इसलिए अनूठा नहीं है कि वह भारत का पड़ोसी है, बल्कि वो यूनीक इसलिए है क्योंकि आज के दौर में कोई और देश किसी पड़ोसी पर दबाव बनाने और हमला करने के लिए आतंकवाद का इस्तेमाल इतने व्यवस्थित और लगातार तरीके से नहीं करता जितना पाकिस्तान करता है.
जयशंकर ने आगे कहा कि इसका असर देश की जनभावना पर भी पड़ता है, और एक लोकतांत्रिक व्यवस्था के मंत्री होने के नाते वे अपने देश की जनभावना को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते.
बांग्लादेश को लेकर भी बड़ी टिप्पणी
इसी कार्यक्रम में विदेश मंत्री ने भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि कोई भी रिश्ता तभी टिक सकता है जब वह 'आपसी हित' यानि mutual interest की कसौटी पर खरा उतरे, मतलब दोनों पक्षों को उससे फायदा महसूस होना चाहिए.
यह टिप्पणी ढाका में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद से तनावपूर्ण बने भारत-बांग्लादेश रिश्तों के मौजूदा हालात के संदर्भ में की गई मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-ढाका के बीच 'कोल्ड वॉर'?
पहले भी सख्त रुख अपनाते रहे हैं जयशंकर
यह पहला मौका नहीं जब जयशंकर ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को लेकर सीधा हमला बोला हो. इससे पहले सितंबर 2025 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में उन्होंने बिना नाम लिए पाकिस्तान को "वैश्विक आतंकवाद का केंद्र" करार दिया था और पहलगाम हमले का हवाला देते हुए आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई की ज़रूरत बताई थी.
मई 2025 में पहलगाम हमले के बाद भी उन्होंने पाकिस्तान को आगाह किया था कि अगर आतंकी हमले जारी रहे तो भारत पाकिस्तान के भीतर गहराई तक कार्रवाई करेगा.
-ममता सिंह
"विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में बोलते हुए पाकिस्तान को दुनिया का 'अनूठा' यानि ‘Unique’ देश बताया…"
