दुनिया में धर्मों की आबादी को लेकर एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. आने वाले कुछ सालों में इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और ईसाई धर्म दूसरे नंबर पर पहुंच सकता है. नए अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक मुसलमानों की आबादी ईसाइयों से ज्यादा हो सकती है. इसकी सबसे बड़ी वजह दोनों समुदायों के बीच जन्म दर का अंतर बताया गया है.
धार्मिक आबादी पर किए गए नए अध्ययन के मुताबिक, साल 2020 में दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे. लेकिन 2035 तक यह आंकड़ा बदल सकता है. अनुमान है कि तब मुसलमानों की आबादी बढ़कर करीब 2.57 अरब हो जाएगी, जबकि ईसाइयों की संख्या लगभग 2.52 अरब तक पहुंच सकती है.
यानी दोनों धर्मों की आबादी में अंतर बहुत ज्यादा नहीं होगा, लेकिन मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से आगे निकल सकती है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो 2070 तक दुनिया में 3.6 अरब से ज्यादा मुसलमान हो सकते हैं, जबकि ईसाइयों की आबादी 3 अरब से कुछ कम रहने का अनुमान है.
जन्म दर है सबसे बड़ी वजह
इस बदलाव के पीछे सबसे अहम कारण जन्म दर यानी Fertility Rate को माना जा रहा है. अध्ययन के मुताबिक, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में औसतन 3.1 बच्चों की जन्म दर रही. वहीं ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और बाकी धार्मिक समुदायों में औसतन 1.6 रहा.
यही वजह है कि मुस्लिम आबादी दूसरे बड़े धार्मिक समुदायों के मुकाबले तेजी से बढ़ रही है. अनुमान के मुताबिक, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम माताओं से करीब 25.2 करोड़ बच्चों का जन्म हुआ, जबकि ईसाई माताओं से लगभग 20.8 करोड़ बच्चे पैदा हुए.
विशेषज्ञों का मानना है कि धर्म बदलने या किसी दूसरे धर्म को अपनाने की तुलना में जन्म दर का आबादी बढ़ने में कहीं ज्यादा बड़ा योगदान है.
अफ्रीका में तेजी से बढ़ेगी आबादी
आने वाले दशकों में दुनिया की आबादी का बड़ा हिस्सा अफ्रीका में बढ़ने का अनुमान है. खासकर सहारा रेगिस्तान के दक्षिण में स्थित देशों में आबादी तेजी से बढ़ सकती है. इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में ईसाई और मुसलमान रहते हैं.
अनुमान है कि 2070 तक दुनिया के आधे से ज्यादा ईसाई सब-सहारा अफ्रीका में रहेंगे. कांगो में ईसाइयों की संख्या तीन गुना से ज्यादा बढ़कर करीब 29.9 करोड़ हो सकती है. इसके साथ ही कांगो ईसाई आबादी के मामले में अमेरिका को भी पीछे छोड़ सकता है.
अमेरिका और यूरोप में भी बदल रही तस्वीर
धार्मिक आबादी में बदलाव सिर्फ एशिया और अफ्रीका तक सीमित नहीं है. अमेरिका और यूरोप में भी आने वाले दशकों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
अनुमानों के मुताबिक, अमेरिका में अभी करीब 62 प्रतिशत वयस्क ईसाई हैं. लेकिन 2065 तक यह आंकड़ा 50 प्रतिशत से नीचे जा सकता है. वहीं कनाडा में 2030 तक ईसाइयों की आबादी 50 प्रतिशत से कम होने का अनुमान है.
इसकी एक बड़ी वजह ऐसे लोगों की संख्या बढ़ना है, जो खुद को किसी भी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते. इनमें नास्तिक, अज्ञेयवादी और किसी धर्म को न मानने वाले लोग शामिल हैं.
यूरोप में भी ईसाइयों की संख्या घटने का अनुमान है. 2070 तक वहां ईसाइयों की आबादी करीब 50.5 करोड़ से घटकर 32.4 करोड़ हो सकती है. वहीं यूरोप की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.
हिंदू और बौद्ध आबादी को लेकर क्या अनुमान?
अध्ययन के मुताबिक, आने वाले दशकों में हिंदुओं और यहूदियों की कुल संख्या बढ़ सकती है, लेकिन दुनिया की कुल आबादी में उनका प्रतिशत कम होने का अनुमान है. वहीं बौद्ध आबादी की संख्या और कुल आबादी में उसकी हिस्सेदारी, दोनों में गिरावट आ सकती है.
इसकी एक वजह चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में आबादी घटने का अनुमान है.
कुल मिलाकर, दुनिया की धार्मिक आबादी में आने वाले दशकों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि इन आंकड़ों को किसी धर्म की दूसरे धर्म पर जीत या हार के तौर पर नहीं देखना चाहिए. आबादी में बदलाव के पीछे जन्म दर, उम्र और लोगों के रहने के स्थान जैसे कई कारण होते हैं.
"दुनिया में धर्मों की आबादी को लेकर एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. आने वाले कुछ सालों में इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और …"













