दुबई से तेल अवीव जा रहे फ़्लाईदुबई के एक विमान का रास्ता अचानक बदल दिया गया और वह सऊदी अरब में उतर गया. उड़ान के दौरान विमान ने अपहरण की सूचना देने वाला कोड प्रसारित किया था, जिसके बाद इसराइली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को तुरंत रवाना किया गया.

पायलटों के झगड़े की बात सामने आई
इसराइली मीडिया ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया है कि विमान के दोनों पायलटों के बीच झगड़ा हो गया था और इसी कारण आपात स्थिति पैदा हुई. अभी तक इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

सामूहिक आत्महत्या की कोशिश के दावे की जाँच
रिपोर्ट्स के मुताबिक़ विमान के दोनों सह-पायलटों के बीच कॉकपिट में झगड़ा हुआ. बताया जा रहा है कि इनमें एक रूसी और दूसरा यूक्रेनी मूल का है. दावा है कि झगड़े के दौरान किसी एक पायलट के पास पॉकेट नाइफ़ यानी छोटा चाकू था.
इसराइली चैनल N12 की रिपोर्ट के मुताबिक़ फ़्लाईदुबई के बोइंग 737 विमान में सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन पर बार-बार चाकू से हमला किया. रिपोर्ट में कहा गया है कि इसराइली अधिकारी इस घटना को आतंकी हमले की तरह देख रहे हैं. इसी दौरान विमान क़रीब 30,000 फ़ीट की ऊँचाई से गिरकर क़रीब 15,000 फ़ीट पर आ गया. अधिकारी उन दावों की भी जाँच कर रहे हैं जिनमें कहा गया है कि एक पायलट ने सामूहिक आत्महत्या की कोशिश की. 

अपहरण नहीं माना जा रहा: इसराइल
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के हवाले से कहा है कि फ़्लाईदुबई की उड़ान के सऊदी अरब की ओर मुड़ने को विमान अपहरण की घटना नहीं माना जा रहा है.

एफ़ज़ेड1073 में क़रीब 180 इसराइली यात्री
एफ़ज़ेड1073 के रूप में संचालित इस विमान में क़रीब 180 इसराइली यात्री सवार थे. शुरुआती जानकारी में यात्रियों की संख्या क़रीब 150 बताई गई थी. 

स्क्वॉक कोड 7700 से 7500, फिर दोबारा 7700
विमान ने पहले स्क्वॉक कोड 7700 भेजा, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत देता है. इसके बाद कोड बदलकर 7500 कर दिया गया, जो विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप यानी अपहरण जैसी स्थिति का संकेत है. बाद में विमान ने फिर से शुरुआती कोड 7700 भेजा. 

सात मिनट तक जारी रहा इमरजेंसी सिग्नल
फ़्लाइटरडार24 के डेटा के मुताबिक़, विमान ने सऊदी अरब के ऊपर अचानक दिशा बदलने और नीचे उतरने के कुछ ही देर बाद क़रीब सात मिनट तक इमरजेंसी सिग्नल जारी किया. नीचे आते समय विमान ने कुछ समय के लिए आपात स्थिति का संकेत दिया और मैन्युअल तरीक़े से दिशा बदलते हुए नीचे उतरने लगा. 

इसराइली वायुसेना का अलर्ट बढ़ा
यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़, संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी में इसराइली वायुसेना ने घटना के दौरान अपने अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया. 

इसराइल में आपात बैठक
घटना के बाद इसराइल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री आपात बैठक कर रहे हैं. 

अमेरिकी राजदूत हकबी की प्रतिक्रिया
इसराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकबी ने फ़्लाइटरडार24 की टिप्पणी को रीपोस्ट करते हुए लिखा, 'आज सुबह इस घटना ने पूरे मध्य पूर्व, ख़ासकर इसराइल में, लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह हाई अलर्ट पर कर दिया. अच्छा है कि मामला इससे ज़्यादा गंभीर नहीं हुआ. लेकिन उड़ान के दौरान पायलटों का आपस में हाथापाई पर उतर जाना और विमान को रास्ता बदलकर उतारना निश्चित तौर पर कोई आम अनुभव नहीं है.'

 

-ममता सिंह 

"दुबई से तेल अवीव जा रहे फ़्लाईदुबई के एक विमान का रास्ता अचानक बदल दिया गया और वह सऊदी अरब में उतर गया. उड़ान के दौरान विमान ने अपहरण की सूच…"