फीफा वर्ल्ड कप में कल यानी 27 जून को ग्रुप स्टेज का आखिरी दिन था. एक बार फिर दर्शकों को मेसी का जादू देखने को मिला. जहां अर्जेंटीना, इंग्लैंड, क्रोएशिया और डी आर कांगो ने जीत दर्ज कर नॉकआउट में जगह बनाई. वहीं अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया और के बीच 3-3 से मुकाबला ड्रॉ रहा. पुर्तगाल और कोलंबिया का मैच बिना किसी गोल के ही खत्म हुआ.

अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराया
ग्रुप जे के मुकाबले में अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराकर ग्रुप चरण का शानदार अंत किया. अर्जेंटीना के लिए जियोवानी लो सेल्सो ने 19वें मिनट में पहला गोल किया. इसके बाद लाउतारो मार्टिनेज ने 31वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी. 

दूसरे हाफ में जॉर्डन के लिए मूसा अल-तामारी ने 55वें मिनट में गोल कर मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगाई. हालांकि 80वें मिनट में लियोनेल मेसी ने शानदार गोल दागकर अर्जेंटीना की जीत पक्की कर दी. इस जीत के साथ अर्जेंटीना ग्रुप में पहले स्थान पर रहा.

अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया के बीच 3-3 की रोमांचक बराबरी
ग्रुप जे के दूसरे मुकाबले में अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया ने रोमांचक 3-3 ड्रॉ खेला. ऑस्ट्रिया के लिए मार्को अर्नाउटोविच ने 28वें मिनट, मार्सेल साबित्जर ने 55वें मिनट और सासा कालाज्जिच ने इंजरी टाइम में गोल किया. 

वहीं अल्जीरिया की ओर से बेलघाली ने 45वें मिनट में बराबरी दिलाई. इसके बाद रियाद महरेज़ ने 60वें मिनट और फिर 90+3वें मिनट में गोल कर टीम को हार से बचाया. इस ड्रॉ के साथ दोनों टीमों ने नॉकआउट चरण में जगह बना ली.

इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराया
ग्रुप एल में इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराकर शीर्ष स्थान के साथ नॉकआउट में प्रवेश किया. इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंघम ने 62वें मिनट में पहला गोल किया. इसके पांच मिनट बाद कप्तान हैरी केन ने 67वें मिनट में गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी. इंग्लैंड ने पूरे मुकाबले में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और पनामा को ज्यादा मौके नहीं दिए.

क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से हराया
ग्रुप एल के दूसरे मुकाबले में क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से मात दी. क्रोएशिया के लिए पेटार सुचिच ने 31वें मिनट में पहला गोल किया. घाना ने 73वें मिनट में लुकासेन के गोल से बराबरी कर ली. लेकिन 83वें मिनट में निकोला व्लासिच ने शानदार गोल कर क्रोएशिया को जीत दिला दी. इस जीत के साथ क्रोएशिया ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली.

डीआर कांगो ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर रचा इतिहास
ग्रुप के में डीआर कांगो ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाई. मुकाबले की शुरुआत में 10वें मिनट पर एल्डोर शोमुरोदोव ने उज्बेकिस्तान को बढ़त दिलाई. इसके बाद डीआर कांगो ने शानदार वापसी की. विस्सा ने 68वें मिनट में पेनल्टी पर बराबरी की और 90+1वें मिनट में अपना दूसरा गोल भी किया. इनके बीच 78वें मिनट में फिस्तोन मायेले ने गोल कर डीआर कांगो को बढ़त दिलाई. अब नॉकआउट में डीआर कांगो का सामना इंग्लैंड से होगा.

पुर्तगाल और कोलंबिया के बीच गोलरहित ड्रॉ
ग्रुप के के दूसरे मुकाबले में पुर्तगाल और कोलंबिया के बीच 0-0 का ड्रॉ रहा. दोनों टीमों ने कई मौके बनाए लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी. हालांकि यह परिणाम दोनों टीमों के लिए काफी रहा और दोनों ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली.

नॉकआउट के लिए टीमें तय
ग्रुप चरण समाप्त होने के साथ ही राउंड ऑफ 32 की सभी टीमें तय हो गई हैं. अब हर मुकाबला करो या मरो का होगा. हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम अगले दौर में पहुंचकर खिताब की दौड़ में बनी रहेगी.

 

"फीफा वर्ल्ड कप में कल यानी 27 जून को ग्रुप स्टेज का आखिरी दिन था. एक बार फिर दर्शकों को मेसी का जादू देखने को मिला. जहां अर्जेंटीना, इंग्लैं…"