जंतर-मंतर में हाल ही में हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद प्रदर्शन के दौरान खाना-पीना बांटने वाले वॉलेंटियर जुनैद मलिक सुर्खियों में हैं. जुनैद ने अब सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है.
जुनैद मलिक का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए हिरासत में लिया और परेशान किया. उनका यह भी कहना है कि पुलिस उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ भी जबरन कार्रवाई कर रही है, जबकि इसके लिए कानून के मुताबिक निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया.
याचिका में क्या कहा गया?
जुनैद मलिक ने अपनी याचिका में कहा है कि 24 जुलाई की आधी रात, जब वह आरएमएल (RML) अस्पताल से एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगवाकर घर लौट रहे थे, तभी दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों ने उन्हें रास्ते में रोका और अपने साथ ले गए.
उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें करीब 5 से 6 घंटे तक गाड़ी में बैठाकर रखा. इस दौरान उन्हें डराया-धमकाया गया और उनका मोबाइल फोन भी जबरन ले लिया गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने उनसे फोन अनलॉक करवाकर उसकी जांच की.
जुनैद के मुताबिक, अधिकारियों ने उनसे पूछा कि प्रदर्शन के दौरान खाना और पानी बांटने के लिए पैसे कहां से आए और उन्हें फंडिंग कौन कर रहा था.
याचिका में यह भी कहा गया है कि कई घंटे तक अपने साथ रखने के बाद पुलिस उन्हें देहरादून रोड पर एक सुनसान जगह छोड़कर चली गई. इसके बाद उन्हें देहरादून से कैब लेकर वापस दिल्ली आना पड़ा.
कौन हैं मोहम्मद जुनैद?
मोहम्मद जुनैद, 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन के दौरान खाना-पीना बांटने का काम करते थे. शुरुआत में जुनैद पर्दे के पीछे ही थे, लेकिन जैसे-जैसे आंदोलन आगे बढ़ा, लोग उन्हें 'जुनैद भाई' के नाम से पहचानने लगे और वह प्रदर्शन के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए.
जुनैद गाजियाबाद के नाहल गांव के रहने वाले हैं. शिक्षा में एलएलबी (LLB) किया और न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, उन्होंने आंदोलन में किसी आधिकारिक पद की जिम्मेदारी नहीं ली थी. उनका मुख्य काम जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में आने वाले लोगों के रहने, खाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का ध्यान रखना था.
कैसे आए सुर्खियों में?
जुनैद उस समय सुर्खियों में आए, जब दिल्ली पुलिस उनके घर पहुंची और तलाशी ली. परिवार का आरोप है कि पुलिस उनके पिता को पूछताछ के लिए थाने ले गई और बैंक पासबुक, पैन कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए.
"जंतर-मंतर में हाल ही में हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद प्रदर्शन के दौरान खाना-पीना बांटने वाले वॉलेंटियर जुनैद …"
