पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान से एक दिन पहले सियासी माहौल गरमा गया. बुधवार को पटना पुलिस ने जन सुराज पार्टी के करीब 20 नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि ये लोग अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे.

जक्कनपुर थाने पहुंचे प्रशांत किशोर

इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर देर रात अपने समर्थकों के साथ जक्कनपुर थाने पहुंचे. वहां उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और सरकार पर निशाना साधा.

जन सुराज का कहना है कि पटना पुलिस लगातार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर छापेमारी कर रही है. पार्टी के मुताबिक, अब तक 20 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा चुका है. उनका आरोप है कि हिरासत में लिए गए लोगों को कहां रखा गया है और उनकी क्या स्थिति है, इसकी कोई जानकारी पुलिस नहीं दे रही है.

प्रशांत ने पुलिस पर लगाए आरोप 

प्रशांत किशोर ने थानेदार ऋतुराज सिंह से अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और थाने से दो कार्यकर्ताओं के कथित रूप से गायब होने के मामले पर सीधे सवाल किए. उन्होंने पूछा कि जब उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोई अपराध नहीं किया है, तो उन्हें थाने क्यों लाया गया और अब वे कहां हैं. प्रशांत किशोर ने दावा किया कि दोनों कार्यकर्ताओं की आखिरी तस्वीर इसी थाने की है. साथ ही उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या बिहार में पुलिस राज चल रहा है.

पुलिस ने दिया जवाब 

प्रशांत किशोर के बयान का जवाब देते हुए ऋतुराज सिंह ने स्पष्ट किया कि वह किसी के दबाव में काम नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि थाने में आकर इस तरह का दबाव बनाया जाएगा तो वह नौकरी या वर्दी छोड़ने के लिए भी तैयार हैं. उन्होंने यह भी कहा कि किसी को जबरन हिरासत में नहीं लिया गया है और पुलिस केवल अपनी जिम्मेदारी निभा रही है.

इस पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका मकसद किसी को धमकाना नहीं, बल्कि जनता के सामने पुलिस का रवैया उजागर करना है. उन्होंने कहा कि यदि थाने से लोग गायब होने जैसी स्थिति बनती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी.

इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखा सवाल-जवाब हुआ. प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि जन सूरज पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मामले को लेकर थाने के अंदर और बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया. 

प्रशांत किशोर पर भी केस 

वहीं दूसरी तरफ, बुधवार को ही प्रशांत किशोर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया. पटना के शास्त्री नगर थाने में जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है. यह कार्रवाई प्रशांत किशोर द्वारा नीतीश कुमार के एक वीडियो को एआई से बनाया हुआ बताए जाने के बाद की गई है. ऐसे में पार्टी नेताओं पर कार्रवाई और खुद पर दर्ज मामले से प्रशांत किशोर को एक साथ दोहरा झटका लगा है.

गौरतलब है कि 29 जुलाई 2026 को बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है, जिसमें जन सुराज की ओर से खुद प्रशांत किशोर मैदान में हैं. इस सीट पर मुकाबला काफी करीबी माना जा रहा है. वहीं, 3 अगस्त को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.

 

"पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान से एक दिन पहले सियासी माहौल गरमा गया. बुधवार को पटना पुलिस ने जन सुराज पार्टी के करीब 20 नेताओं और का…"