दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ 8 अक्टूबर को दूसरी FIR दर्ज की है. दोनों नेताओं पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है. 
इससे एक दिन पहले 7 अक्टूबर को दोनों के खिलाफ आकाशवाणी परिसर में जबरन घुसकर अराजकता फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मामला बुधवार को जनपथ और जंतर-मंतर के आसपास हुए प्रदर्शन से जुड़ा है. इस मामले में प्रदर्शन में शामिल कई अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम भी FIR में शामिल किए गए हैं.

घटनाक्रम के अनुसार, विपक्षी गठबंधन 'INDIA' के नेताओं ने बुधवार को जनपथ स्थित एक दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट में दोपहर का भोजन किया. इसके बाद वो अचानक जंतर-मंतर की ओर धरना देने के लिए मार्च करने लगे. पुलिस ने विपक्षी सांसदों की बसों को रास्ते में ही रोक दिया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.

इसी दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा अन्य महिला नेताओं के साथ हाथ में संविधान की प्रति लेकर सड़क पर लेट गईं. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें और अन्य नेताओं को सड़क से हटाकर हिरासत में लिया. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, कुल 91 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें कई सांसद और वरिष्ठ विपक्षी नेता शामिल थे. 
राहुल गांधी की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस, टीएमसी, सीपीआई-एम, सीपीआई, आरजेडी और आईयूएमएल समेत कई दलों के सांसद मौजूद थे.

आकाशवाणी परिसर में प्रदर्शन के मामले में FIR दर्ज होने के बाद 7 अक्टूबर को राहुल गांधी ने कहा कि उन पर पहले से 45 FIR दर्ज हैं और वह 100 FIR चाहते हैं, क्योंकि हर FIR उनके लिए एक मेडल है. उनके इस बयान को कांग्रेस की उस रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें पार्टी इन कार्रवाइयों को राजनीतिक दबाव बताकर अपना रुख और सख्त कर रही है.

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया था. पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति के सड़क जाम कर सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने की कोशिश की. पुलिस घटना के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. 
अधिकारियों ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और बल प्रयोग के आरोपों की गहराई से समीक्षा की जा रही है. वहीं, विपक्षी दल कहते हैं कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे.

 

-ममता सिंह 

"दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ 8 अक्टूबर को दूसरी FIR दर्ज …"