सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी एक बार फिर जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश में जुट गई है. मंगलवार सुबह पार्टी के कुछ सदस्य तिरंगा लेकर जंतर-मंतर पहुंचे और गेट फांदकर अंदर घुस गए. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरव दास और आशुतोष रांका समेत कई सदस्यों को हिरासत में ले लिया.

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अजिंक्य शिंदे समेत पार्टी के कई अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया है. अभिजीत ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें पार्टी के सदस्य गेट फांदकर जंतर-मंतर में दाखिल होते और 'भारत माता की जय' के नारे लगाते नजर आ रहे हैं.

आखिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन क्यों करना चाहती है CJP?

दरअसल, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर कई संगठन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है.

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित विरोध-प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है. इसके बाद वहां पहले की तरह प्रदर्शन नहीं किए जा सकते. पुलिस ने प्रदर्शन के लिए तीन अन्य जगहें तय की हैं. सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस के इस फैसले पर सवाल उठाए हैं.

वहीं, विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है. फिलहाल, हिरासत में लिए गए सीजेपी सदस्यों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होगी, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद सीजेपी आगे क्या कदम उठाती है.

 


 

"सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी एक बार फिर जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश में जुट गई है. मंगलवार सुबह पार्टी के कुछ सदस्य तिरंगा लेकर जंतर-मंतर प…"