कनाडा की प्रख्यात कवयित्री, निबंधकार, अनुवादक और क्लासिकल साहित्य की विदुषी ऐन कार्सन (Anne Carson) को 2026 के प्रतिष्ठित साहित्य नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. नोबेल समिति ने कार्सन को उनके "साहसी और प्रयोगधर्मी लेखन" के लिए यह सर्वोच्च सम्मान दिया है. समिति के अनुसार, कार्सन ने प्राचीन परंपरा के साथ रचनात्मक संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए बिल्कुल नए रूप गढ़े हैं.

इस साल साहित्य के नोबेल की दौड़ में सट्टा बाजार के अनुसार चीन की कैन शुए और जापान के मशहूर लेखक हारुकी मुराकामी जैसे बड़े नाम भी शामिल थे, लेकिन कार्सन की मौलिकता और साहित्यिक गहराई ने इस पुरस्कार पर अपनी मुहर लगा दी.

साहित्यिक सीमाओं को तोड़ने वाली लेखिका

76 वर्षीय ऐन कार्सन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे खुद को किसी एक साहित्यिक विधा में बांधकर नहीं रखतीं. उनका लेखन कविता, कथा, आलोचना और संस्मरण की सीमाओं को तोड़ता है. 

वे प्राचीन यूनान के दर्शन और मिथकों को आज के दौर की जटिलताओं से जोड़ती हैं. 2004 में 'द पेरिस रिव्यू' को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने अपने लेखन का मूल मंत्र बताते हुए कहा था, “मैं यह जानने के लिए लिखती हूं कि किसी चीज के बारे में मैं क्या सोचती हूं.”

बचपन और यूनानी साहित्य की ओर झुकाव

21 जून 1950 को टोरंटो, कनाडा में जन्मीं कार्सन के पिता बैंक में काम करते थे. उनका बचपन कई छोटे शहरों में बीता और उन्हें कई बार स्कूल बदलने पड़े. हाई स्कूल में उनकी मुलाकात लैटिन भाषा की शिक्षिका एलिस कोवान से हुई, जिन्होंने उनके जीवन की दिशा बदल दी। 

युवावस्था में कार्सन खुद को मशहूर लेखक ऑस्कर वाइल्ड का नया जन्म मानती थीं और उनके जैसा बनने की चाहत में ही उन्होंने लंच ब्रेक के दौरान प्राचीन यूनानी भाषा सीखनी शुरू की. बाद में उन्होंने टोरंटो विश्वविद्यालय से 1981 में प्राचीन यूनानी कवयित्री 'सैफो'  पर पीएचडी पूरी की.

प्रमुख रचनाएँ और अनूठे प्रयोग

कार्सन की साहित्यिक यात्रा 1986 में उनकी पहली किताब Eros the Bittersweet से शुरू हुई. इस किताब में उन्होंने प्राचीन साहित्य के नजरिये से प्रेम और इच्छा की विवेचना की. इसके बाद 1998 में प्रकाशित Autobiography of Red ने उन्हें एक मौलिक और बिल्कुल अलग आवाज के रूप में स्थापित कर दिया. यह पद्य के रूप में लिखा गया एक उपन्यास है, जिसमें उन्होंने यूनानी मिथक के लाल पंखों वाले राक्षस गेरियोन की कहानी को एक संवेदनशील किशोर की प्रेम कहानी में बदल दिया.

2001 में आई उनकी किताब 'द ब्यूटी ऑफ द हसबैंड' के लिए वे प्रतिष्ठित टी. एस. एलियट पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला बनीं. कार्सन का यह प्रयोगधर्मी रवैया उनकी 2010 की किताब 'नॉक्स'  में भी दिखता है. अपने भाई की मृत्यु के शोक में लिखी गई यह किताब एक अकॉर्डियन  की तरह खुलती और मुड़ती है, जिसमें तस्वीरें, पत्र और अधूरे अंश शामिल हैं. हाल ही में 2024 में प्रकाशित उनकी किताब Wrong Norma ने भी खासी चर्चा बटोरी है, जिसके लिए उन्हें नेशनल बुक क्रिटिक्स सर्कल पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

ग्रिफिन पोएट्री प्राइज, लैनन लिटरेरी अवॉर्ड और नाबोकोव अवॉर्ड जैसे कई बड़े सम्मान जीत चुकीं ऐन कार्सन को नोबेल पुरस्कार मिलना उनके उस अनूठे साहस का सम्मान है, जो अतीत के धागों से वर्तमान का ताना-बाना बुनता है. उनका साहित्य सिर्फ पढ़ा नहीं जाता, बल्कि महसूस किया जाता है, जो पाठकों को साहित्य की तयशुदा सीमाओं से बहुत परे ले जाता है.

"कनाडा की प्रख्यात कवयित्री, निबंधकार, अनुवादक और क्लासिकल साहित्य की विदुषी ऐन कार्सन (Anne Carson) को 2026 के प्रतिष्ठित साहित्य नोबेल पुरस…"