दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. सरकार ने Delhi Lakshmi Yojana Portal लॉन्च कर दिया है, जहां पात्र महिलाएं घर बैठे आवेदन कर सकती हैं. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी. इसमें 1,500 रुपये महिला के नाम से खुले आरडी (Recurring Deposit) खाते में जमा किए जाएंगे, जबकि 1,000 रुपये सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर होंगे.
पोर्टल शुरू होते ही महिलाओं में योजना को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है. दिल्ली सरकार के अनुसार अब तक 59,144 ऑनलाइन आवेदनप्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 3,158 आवेदनों का सत्यापन पूरा हो गया है और उन्हें पात्र माना गया है.
ऑनलाइन आवेदन के अलावा, महिलाएं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए जा रहे विशेष कैंपों में भी जाकर अपनी पात्रता की जांच करा सकती हैं. वहां आवश्यक दस्तावेज जमा कर आवेदन फॉर्म अपलोड कराया जा सकता है. एक आवेदन की पूरी प्रक्रिया में लगभग 25 से 30 मिनट का समय लगता है.
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत ऐसे परिवार की 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की सबसे बड़ी महिला को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिसकी वार्षिक पारिवारिक आय 2.5 लाख रुपये से कम है.
योजना का लाभ लेने के लिए महिला या उसके पति अथवा माता-पिता का कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना जरूरी है. वहीं, तीन से अधिक बच्चों वाली महिलाएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी.
आवेदन के समय आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, निवास प्रमाण पत्र और आयु प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा.
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया बेहद आसान है. सबसे पहले योजना के आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in पर जाएं और 'Apply' विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से अपना रजिस्ट्रेशन करें.
रजिस्ट्रेशन के बाद पोर्टल पर लॉग इन करें और पात्रता से जुड़े सवालों के जवाब देकर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें. इसके बाद नाम, पता और अन्य व्यक्तिगत जानकारी भरें. साथ ही परिवार के सदस्यों का विवरण और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के लिए बैंक खाते की जानकारी दर्ज करें.
अब निर्धारित प्रारूप में आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, निवास प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र समेत सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. आवेदन फॉर्म को एक बार ध्यान से जांचने के बाद ऑनलाइन सबमिट कर दें. आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने पर एक एक्नॉलेजमेंट रसीद मिलेगी, जिसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें.
आवेदन जमा होने के बाद दिल्ली सरकार आवेदक की पात्रता और जमा किए गए दस्तावेजों का सत्यापन करेगी. सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा. वहीं, आवेदक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से आधिकारिक पोर्टल पर लॉग इन कर किसी भी समय अपने आवेदन का स्टेटस भी ट्रैक कर सकते हैं.
"दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. सरकार ने Delhi Lakshmi Yojana Portal लॉन्च क…"
