वजन कम करने की बात आती है तो सबसे पहले लोग खाना कम करने के बारे में सोचते हैं. कोई अपनी पसंद की चीजें छोड़ देता है, तो कोई रात का खाना ही स्किप करने लगता है. इसके पीछे सीधी सी सोच होती है कि जब शरीर को कम खाना मिलेगा, तो कैलोरी कम होंगी और वजन तेजी से घटेगा.
लेकिन क्या वजन कम करने के लिए रात का खाना छोड़ देना वाकई सही है? अगर आप भी ऐसा सोचते हैं, तो थोड़ा रुककर इस बात को समझना जरूरी है.
वजन कम करने के लिए खाना छोड़ना कोई सही शॉर्टकट नहीं है. शरीर को रोज काम करने के लिए एनर्जी के साथ-साथ जरूरी nutrients यानी पोषक तत्वों की भी जरूरत होती है. अगर आप बार-बार खाना छोड़ते हैं या बहुत कम खाना शुरू कर देते हैं, तो शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता. इससे कमजोरी और थकान जैसी परेशानियां हो सकती हैं.
आस्था शर्मा, चीफ डायटीशियन, यथार्थ हॉस्पिटल, फरीदाबाद के मुताबिक, वजन कम करने के लिए खाना पूरी तरह छोड़ने के बजाय अपनी डाइट को बैलेंस रखना ज्यादा जरूरी है. यानी क्या खा रहे हैं, कितनी मात्रा में खा रहे हैं और किस समय खा रहे हैं, इन बातों पर ध्यान देना चाहिए.
रात का खाना कैसा होना चाहिए?
अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो रात के खाने को हल्का रखने की कोशिश करें. कोशिश करें कि डिनर रात 8 बजे से पहले हो जाए. रात में बहुत ज्यादा तला-भुना, मसालेदार या भारी खाना खाने के बजाय हल्का खाना लिया जा सकता है.
डिनर में हल्का सूप, सब्जियां और प्रोटीन वाली चीजें शामिल की जा सकती हैं. वहीं पिज्जा, बर्गर, फ्राइड फूड और दूसरी जंक फूड वाली चीजों को जितना हो सके कम करना बेहतर है.
सिर्फ खाना कम करना काफी नहीं
वजन कम करने के लिए सिर्फ खाना छोड़ना ही रास्ता नहीं है. अपनी डाइट में प्रोटीन और फाइबर वाली चीजों को शामिल करें. फल, सब्जियां, ड्राई फ्रूट्स और घर का बना खाना डाइट का हिस्सा बनाएं. ज्यादा चीनी और मैदे वाली चीजों को कम करें.
इसके साथ ही रोज थोड़ी बहुत एक्सरसाइज या शारीरिक गतिविधि भी जरूरी है. अगर आपके पास ज्यादा समय नहीं है, तो दिन में थोड़ी देर पैदल चलना या अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों को बढ़ाना भी मददगार हो सकता है.
कुछ लोग इंटरमिटेंट फास्टिंग भी करते हैं, जिसमें खाने के लिए एक तय समय रखा जाता है. लेकिन इस दौरान भी यह जरूरी है कि जिस समय खाना खा रहे हैं, उस दौरान आपकी डाइट संतुलित हो और शरीर को पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और दूसरे nutrients मिलते रहें.
इसलिए वजन कम करने के लिए खाना छोड़ने के बजाय अपनी डाइट और लाइफस्टाइल में छोटे-छोटे बदलाव करना ज्यादा जरूरी है. वजन कम करने का मतलब भूखा रहना नहीं, बल्कि सही खाना, सही मात्रा और सही लाइफस्टाइल अपनाना है.
अगर आप भी वजन कम करने के लिए खाना कम करने या छोड़ने का सोच रहे हैं, तो इस तरीके को अपनाने से पहले एक बार जरूर सोचिए. अपनी डाइट को बैलेंस रखें और जरूरत पड़ने पर किसी एक्सपर्ट की सलाह लें.
"वजन कम करने की बात आती है तो सबसे पहले लोग खाना कम करने के बारे में सोचते हैं. कोई अपनी पसंद की चीजें छोड़ देता है, तो कोई रात का खाना ही स्…"
