दुनिया का औसत तापमान लगातार बढ़ रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कुछ शहरों में दिन के समय तापमान घट भी रहा है. नवंबर का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन कई शहरों में अब तक ठंड का खास असर देखने को नहीं मिल रहा. वहीं दुनिया के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. आखिर ग्लोबल वार्मिंग के बीच मौसम का यह बदलता मिजाज क्यों देखने को मिल रहा है?
दरअसल, मई 2026 में Communications Earth & Environment जर्नल में प्रकाशित एक रिसर्च में दुनिया के करीब 1,400 शहरों के तापमान का अध्ययन किया गया. इसमें सामने आया कि जहां ज्यादातर शहरों में तापमान बढ़ रहा है, वहीं कुछ शहरों में दिन के समय जमीन की सतह का तापमान कम हुआ है. रिसर्च के मुताबिक, 86 फीसदी शहरों में दिन का तापमान बढ़ा, जबकि करीब 3.9 फीसदी शहरों में इसमें महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज की गई. इस लिस्ट में भारत के कुछ शहर भी शामिल हैं.
आखिर कुछ शहरों में तापमान क्यों घट रहा है?
वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसके पीछे हवा में मौजूद एयरोसोल की भूमिका हो सकती है. एयरोसोल हवा में मौजूद बेहद छोटे कण होते हैं, जो धूल, गाड़ियों के धुएं, फैक्ट्रियों और कचरा जलाने से हवा में पहुंचते हैं. इनमें से कुछ कण सूरज की रोशनी को जमीन तक पहुंचने से रोकते हैं. इससे दिन के समय जमीन कम गर्म होती है और तापमान बढ़ने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है.
इसके अलावा पेड़-पौधे भी आसपास के तापमान को कम रखने में मदद करते हैं. पेड़ छाया देने के साथ अपनी पत्तियों के जरिए पानी की भाप छोड़ते हैं. इस प्रक्रिया में आसपास की गर्मी का इस्तेमाल होता है, जिससे वातावरण ठंडा रहता है. वहीं बादल भी दिन के समय सूरज की रोशनी को रोककर तापमान को प्रभावित कर सकते हैं.
क्या इसका मतलब ग्लोबल वार्मिंग खत्म हो रही है?
ऐसा बिल्कुल नहीं है. कुछ शहरों में तापमान कम होने का मतलब यह नहीं कि धरती का तापमान बढ़ना बंद हो गया है. दुनिया का औसत तापमान अब भी लगातार बढ़ रहा है. अल नीनो और ला नीना जैसी प्राकृतिक मौसमी घटनाएं भी अलग-अलग इलाकों में गर्मी, ठंड और बारिश के पैटर्न को प्रभावित करती हैं.
यानी कहीं रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है, तो कहीं दिन का तापमान घट रहा है. लेकिन कुल मिलाकर धरती गर्म हो रही है और मौसम में होने वाले ये बदलाव ग्लोबल वार्मिंग की गंभीरता को कम नहीं करते.
"दुनिया का औसत तापमान लगातार बढ़ रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कुछ शहरों में दिन के समय तापमान घट भी रहा है. नवंबर का महीना शुरू हो चु…"













