दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है. आंखों में जलन, गले में खराश और सांस से जुड़ी समस्याएं आम होती जा रही हैं. लोग बाहर निकलने से पहले मास्क लगाते हैं और घर पहुंचते ही एयर प्यूरीफायर चालू कर देते हैं.
लेकिन इस जहरीली हवा का सबसे गंभीर असर बच्चों की सेहत पर पड़ सकता है.
जिस उम्र में बच्चों के फेफड़ों का विकास होना चाहिए, जिस उम्र में उन्हें मैदानों में दौड़ना चाहिए, खेलना चाहिए और खुलकर सांस लेनी चाहिए, उसी उम्र में वे प्रदूषण के संपर्क में आ रहे हैं.
आखिर बच्चों के शरीर पर इस जहरीली हवा का कितना और कैसा असर पड़ रहा है?
इस वीडियो में हम समझेंगे कि प्रदूषण बच्चों के फेफड़ों को किस तरह प्रभावित करता है, कौन से शुरुआती लक्षण माता-पिता को नजरअंदाज नहीं करने चाहिए और बच्चों को इस जहरीली हवा से बचाने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए.
सबसे पहले समझते हैं कि आखिर बच्चों के फेफड़ों के लिए प्रदूषण इतना खतरनाक क्यों है.
इसके लिए हमने डॉक्टर प्रशांत से बात की. उन्होंने बताया कि बच्चों के फेफड़ों का विकास करीब 18 से 20 साल की उम्र तक चलता रहता है. यानी बचपन से लेकर किशोरावस्था तक उनके फेफड़े धीरे-धीरे विकसित होते रहते हैं.
अब ऐसे में अगर बच्चे लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेते हैं, तो इसका असर उनके फेफड़ों के विकास पर पड़ सकता है. प्रदूषण की वजह से फेफड़ों का विकास धीमा हो सकता है और उनकी काम करने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है.
दरअसल, हवा में मौजूद छोटे-छोटे प्रदूषण कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं. इससे वहां जलन और सूजन हो सकती है. यही वजह है कि प्रदूषण बढ़ने पर बच्चों को खांसी, सीने में घरघराहट और सांस लेने में परेशानी होने लगती है.
खास बात ये है कि जिन बच्चों को पहले से अस्थमा या सांस से जुड़ी कोई परेशानी है, उनके लिए बढ़ता प्रदूषण और ज्यादा मुश्किलें खड़ी कर सकता है.
लगातार खांसी... क्या ये प्रदूषण का संकेत है?
अब सवाल ये है कि आखिर कैसे पता चलेगा कि बच्चे को हो रही खांसी की वजह प्रदूषण हो सकता है?
अगर आपका बच्चा कई दिनों से लगातार खांस रहा है, रात में उसकी खांसी बढ़ जाती है, सांस लेते समय सीने से आवाज आती है या फिर थोड़ा सा खेलने के बाद ही उसकी सांस फूलने लगती है, तो इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज मत कीजिए.
प्रदूषण की वजह से बच्चों में सांस से जुड़ी इस तरह की परेशानियां देखने को मिल सकती हैं. जैसे कई दिनों तक लगातार खांसी होना, बार-बार सांस फूलना, सांस लेते समय सीने से आवाज आना, खेलते समय जल्दी थक जाना और बार-बार सर्दी-खांसी होना.
कुछ बच्चों में ब्रोंकाइटिस और निमोनिया जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं.
हालांकि, हर बार इन लक्षणों की वजह प्रदूषण ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है. कई बार वायरल संक्रमण या दूसरी वजहों से भी ऐसा हो सकता है. इसलिए बच्चे को लगातार परेशानी हो रही है, तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं.
कई बार परेशानी इतनी बढ़ जाती है कि बच्चों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगती है. ऐसे में तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए.
अगर बच्चे की सांस बहुत तेज चल रही है, सांस लेते समय उसकी पसलियों के आसपास की त्वचा अंदर की तरफ खिंच रही है, होंठ नीले पड़ रहे हैं या बच्चा बेहोश हो रहा है, तो ये आपातकालीन स्थिति है. ऐसी स्थिति में बिना देर किए बच्चे को अस्पताल लेकर जाएं.
खांसी की दवा देने से पहले रखें ध्यान
बढ़ते प्रदूषण के साथ बच्चों में लगातार खांसी होना भी माता-पिता के लिए एक बड़ी परेशानी बन जाता है.
ऐसे में कई बार माता-पिता बिना पूरी जानकारी के बच्चे को खांसी की दवा दे देते हैं. लेकिन ध्यान रखें कि बच्चे को अपनी मर्जी से कोई भी खांसी की दवा न दें.
खासतौर पर दो साल से छोटे बच्चों को बिना डॉक्टर की सलाह के खांसी की दवा देना नुकसान पहुंचा सकता है. अगर बच्चे की खांसी कई दिनों से ठीक नहीं हो रही है, तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं. बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स या दूसरी दवाएं शुरू न करें.
जहरीली हवा से बच्चों को कैसे बचाएं?
अब बात करते हैं कि माता-पिता अपने बच्चों को इस जहरीली हवा से कैसे बचा सकते हैं?
पहली बात... जब AQI खराब हो, तो बच्चों को बाहर खेलने के लिए न भेजें. खासकर सुबह और शाम के समय बाहर की गतिविधियां कम रखें.
दूसरी बात... घर के अंदर धुआं न होने दें. अगरबत्ती, सिगरेट और खाना पकाने से निकलने वाले धुएं को कम से कम रखें.
तीसरी बात... अगर घर में एयर प्यूरीफायर है, तो उसका इस्तेमाल करें और समय-समय पर उसका फिल्टर भी बदलते रहें.
चौथी बात... बच्चे का टीकाकरण समय पर करवाएं.
पांचवीं बात... अगर बच्चे को अस्थमा है, तो डॉक्टर ने जो दवाएं दी हैं, उन्हें समय पर दें. अपनी मर्जी से दवाएं बंद न करें.
और सबसे जरूरी... अगर बच्चे को लगातार खांसी हो रही है, सांस फूल रही है या सांस लेते समय सीने से आवाज आ रही है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
बढ़ती जहरीली हवा सिर्फ आंखों में जलन और गले में खराश की वजह नहीं बन रही, बल्कि इसका असर बच्चों के फेफड़ों के विकास पर भी पड़ सकता है.
इसलिए AQI को हल्के में मत लीजिए. उस पर नजर रखिए, बच्चों को खराब हवा में बाहर खेलने से बचाइए और उनकी खांसी या सांस से जुड़ी किसी भी परेशानी को नजरअंदाज मत कीजिए.
क्योंकि बात सिर्फ प्रदूषण की नहीं है... बात बच्चों की सेहत और उनके आने वाले कल की है.
"दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रहा है. आंखों में जलन, गले में खराश और सांस से जुड़ी समस्याएं आम होती…"













