भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. सूत्रो के हवालों से खबर है कि उन्होंने अपना त्यागपत्र भाजपा नेतृत्व को सौंप दिया है, हालांकि पार्टी या उनकी ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. जानकारी के मुताबिक, इस्तीफे को लेकर जल्द ही औपचारिक बयान जारी किया जा सकता है.

38 वर्षीय शहजाद पूनावाला भाजपा के प्रमुख और मुखर प्रवक्ताओं में गिने जाते रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और वर्ष 2017 में भाजपा का दामन थाम लिया था. तब से वह पार्टी की ओर से कई अहम मुद्दों पर मीडिया में सक्रिय रूप से अपनी बात रखते रहे हैं.

फिलहाल उनके इस्तीफे की सटीक वजह सामने नहीं आई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने निर्णय के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है. जब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं होता, तब तक इस्तीफे के वास्तविक कारणों को लेकर केवल अटकलें ही लगाई जा रही हैं. माना जा रहा है कि जल्द ही शहजाद पूनावाला या भाजपा नेतृत्व इस मामले पर विस्तृत जानकारी साझा कर सकता है.

कौन है शहजाद पूनावाला?

शहजाद पूनावाला अपनी आक्रामक बहस शैली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के मुखर समर्थन के लिए जाने जाते हैं. पिछले कुछ वर्षों में वह भाजपा के सबसे चर्चित टीवी डिबेट पैनलिस्टों और सोशल मीडिया पर सक्रिय चेहरों में शामिल रहे हैं.

दिलचस्प बात यह है कि उनके एक्स (X) प्रोफाइल के बायो में भारतीय जनता पार्टी का कोई उल्लेख नहीं है. हालांकि, उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का "आजीवन समर्थक" बताया हुआ है. वहीं, उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अब भी उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता लिखा गया है, जिससे दोनों सोशल मीडिया प्रोफाइल के बीच अंतर देखने को मिलता है.

क्या राजनीति छोड़ रहे है पूनावाला?

शहजाद पूनावाला के इस्तीफे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या वह अब सक्रिय राजनीति को अलविदा कहने जा रहे हैं. हालांकि, इस दिशा में संकेत उन्होंने इस्तीफे की खबर सामने आने से एक दिन पहले ही दे दिए थे. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना एक पुराना इंटरव्यू साझा किया, जिसमें उन्होंने राजनीति से दूरी बनाने की इच्छा जाहिर की थी.

इंटरव्यू में पूनावाला ने कहा था कि वह पिछले 18-19 वर्षों से सक्रिय राजनीति का हिस्सा हैं और बेहद कम उम्र में उन्होंने इस सफर की शुरुआत की थी. उनके मुताबिक, अब वह उस मुकाम तक पहुंच चुके हैं जिसकी उन्होंने कल्पना की थी.

पहले ही बना लिया था मन 

उन्होंने यह भी बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने के बाद उन्होंने राजनीति से अलग होने का मन बना लिया था. हालांकि, दिल्ली, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे अहम विधानसभा चुनावों में भाजपा के लिए प्रचार और संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने के उद्देश्य से उन्होंने अपना फैसला कुछ समय के लिए टाल दिया.

पूनावाला का कहना था कि अब उन्हें महसूस होता है कि सक्रिय राजनीतिक जीवन से आगे बढ़ने और नए अध्याय की शुरुआत करने का समय आ गया है. हालांकि, उनके इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, इसलिए उनके भविष्य की योजनाओं पर अंतिम तस्वीर सामने आना बाकी है.

कांग्रेस से की थी शुरुवात 

शहजाद पूनावाला का राजनीतिक सफर भाजपा से नहीं, बल्कि कांग्रेस से शुरू हुआ था. उन्होंने वर्ष 2008 में कांग्रेस के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखा और संगठन के भीतर तेजी से अपनी पहचान बनाई. इस दौरान उन्होंने पुणे में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के उपाध्यक्ष, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की मीडिया सेल की रिसर्च टीम के सदस्य और महाराष्ट्र कांग्रेस के सचिव जैसे अहम पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं.

साल 2017 उनके राजनीतिक जीवन का निर्णायक मोड़ साबित हुआ. कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर उन्होंने खुलकर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं थी. पूनावाला ने संगठन में पारदर्शी और योग्यता आधारित चुनाव कराने की मांग करते हुए यह भी सवाल किया कि क्या राहुल गांधी अध्यक्ष पद छोड़कर एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह चुनाव लड़ने के लिए तैयार होंगे.

उनकी इस सार्वजनिक नाराजगी और नेतृत्व के खिलाफ उठाए गए सवालों के बाद पार्टी के भीतर उनका विरोध बढ़ गया. अंततः कांग्रेस से उनका अलगाव हो गया और बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ दी. इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में अपनी जगह बनाई.

फिलहाल शहजाद पूनावाला के इस्तीफे को लेकर न तो भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है और न ही खुद पूनावाला ने सार्वजनिक रूप से अपने फैसले पर बयान जारी किया है. हालांकि, एक्स (X) पर उनके बायो में हुए बदलाव के बाद सोशल मीडिया पर उनके भाजपा छोड़ने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. 


 

"भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. सूत्रो के हवालों से खबर है कि उन्होंने अपना त्यागपत…"