सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) ने ‘नेशनल इंटर्नशिप इन ऑफिशियल स्टैटिस्टिक्स (NIOS) 2026-27’ के दूसरे चरण के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. चयनित अभ्यर्थियों को ₹10,000 प्रतिमाह वजीफा दिया जाएगा.
आधिकारिक आँकड़ों की तैयारी को समझने का अवसर
यह इंटर्नशिप विद्यार्थियों को भारत की आधिकारिक सांख्यिकी प्रणाली को निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगी. चयनित अभ्यर्थी मंत्रालय के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सकल घरेलू उत्पाद (GDP), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI), औद्योगिक उत्पादन, श्रम एवं रोजगार सर्वेक्षण, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और अन्य राष्ट्रीय सांख्यिकी परियोजनाओं से जुड़े वास्तविक आँकड़ों पर कार्य करेंगे.
इस चरण में कुल 240 इंटर्नशिप उपलब्ध कराई गई हैं.
- समूह-ए (Group A) के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित मंत्रालय एवं उसके संबद्ध कार्यालय शामिल हैं.
- समूह-बी (Group B) के अंतर्गत देशभर के क्षेत्रीय कार्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों में इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा.
दिल्ली के अतिरिक्त प्रयागराज, लखनऊ, जयपुर, भोपाल, पटना, कोलकाता, मुंबई, पुणे, नागपुर, गुवाहाटी, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम सहित अनेक शहरों में भी इंटर्नशिप की व्यवस्था की गई है.
ये भी पढ़ें: आरबीआई की विशेष योजना से भारत में आए 40.8 अरब डॉलर, जानिए इसका आपकी जेब पर क्या असर होगा
कौन कर सकता है आवेदन?
इस इंटर्नशिप के लिए निम्न अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं-
- स्नातक स्तर के विद्यार्थी, जिन्होंने सांख्यिकी अथवा गणित का अध्ययन किया हो.
- स्नातकोत्तर विद्यार्थी.
- शोधार्थी एवं पीएचडी विद्यार्थी.
- पिछले दो वर्षों में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी कर चुके अभ्यर्थी.
स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए 12वीं कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक तथा स्नातक या स्नातकोत्तर पूरा कर चुके अभ्यर्थियों के लिए 70 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं.
इंटर्नशिप की अवधि
यह इंटर्नशिप दो से छह माह की होगी। कार्यक्रम सितंबर 2026 से प्रारंभ होगा और अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाएगा.
किन विषयों पर मिलेगा कार्य करने का अवसर?
इंटर्न निम्न प्रमुख क्षेत्रों में कार्य करेंगे-
- सकल घरेलू उत्पाद (GDP)
- उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI)
- मूल्य एवं आर्थिक सांख्यिकी
- श्रम एवं रोजगार सर्वेक्षण
- आँकड़ा विश्लेषण एवं दृश्यांकन
- पायथन प्रोग्रामिंग
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं मशीन लर्निंग (ML)
- वेब स्क्रैपिंग
- स्वास्थ्य एवं पर्यावरण सांख्यिकी
- औद्योगिक एवं विदेशी व्यापार से जुड़े आँकड़ों का विश्लेषण
आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. प्रत्येक अभ्यर्थी केवल समूह-ए अथवा समूह-बी में से किसी एक के लिए ही आवेदन कर सकता है.
करियर के लिए महत्वपूर्ण अवसर
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह इंटर्नशिप किसी सरकारी नौकरी की गारंटी नहीं है. फिर भी सरकारी आँकड़ा प्रणाली, शोध, अर्थशास्त्र, डेटा विश्लेषण, सार्वजनिक नीति और सांख्यिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव अत्यंत उपयोगी माना जाता है.
"सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) ने ‘नेशनल इंटर्नशिप इन ऑफिशियल स्टैटिस्टिक्स (NIOS) 2026-27’ के दूसरे चरण के लिए आवेदन …"
