मानसून अब धीरे-धीरे अपने आखिरी दौर में पहुंच रहा है. ऐसे में अगर आप भी मौसम पूरी तरह बदलने से पहले एक छोटी सी ट्रिप प्लान करने की सोच रहे हैं, तो यह बिल्कुल सही समय है. बारिश के बाद पहाड़ों की हरियाली, झरनों की रफ्तार और ठंडी हवाएं सफर को और भी खास बना देती हैं.
अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ मानसून की आखिरी यादें खूबसूरत बनाना चाहते हैं, तो भारत की इन 5 जगहों का रुख कर सकते हैं. इन जगहों पर बारिश के बाद प्रकृति का नजारा देखने लायक होता है.
1. शिलांग: बारिश के बाद दिखता है प्रकृति का खूबसूरत रूप
इस लिस्ट में सबसे पहले बात करते हैं मेघालय की राजधानी शिलांग की. इसे ‘पूर्व का स्कॉटलैंड’ भी कहा जाता है. मानसून के दौरान यहां की पहाड़ियां, घने जंगल और झरने बेहद खूबसूरत नजर आते हैं. बारिश के बाद पूरा इलाका जैसे हरे रंग में रंग जाता है.
अगर आप शिलांग जाने का प्लान बना रहे हैं, तो उमियाम झील में बोटिंग और एलिफेंट फॉल्स की सैर जरूर करें. वहीं, समय मिले तो पास के चेरापूंजी के झरने और लिविंग रूट ब्रिज भी देख सकते हैं.
2. कुर्ग: कॉफी की खुशबू के साथ बारिश का मजा
शिलांग के बाद अगर आप किसी ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां हरियाली के साथ सुकून भी मिले, तो कर्नाटक का कुर्ग आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. कॉफी के बागानों और पहाड़ियों के लिए मशहूर कुर्ग मानसून के बाद और भी ज्यादा खूबसूरत हो जाता है.
बारिश से भीगे कॉफी के पेड़ों के बीच छाई धुंध यहां के माहौल को अलग ही बना देती है. इस दौरान आप एबी फॉल्स और राजा सीट जैसे लोकप्रिय स्थानों को एक्सप्लोर कर सकते हैं.

कुर्ग
3. मुन्नार: चाय के बागानों के बीच बादलों का नजारा
अब बात करते हैं केरल के खूबसूरत हिल स्टेशन मुन्नार की. अगर आपको पहाड़, बादल और हरियाली पसंद है, तो मुन्नार की खूबसूरती आपको जरूर पसंद आएगी. बारिश के बाद यहां के चाय के बागान और पहाड़ियां और भी हरी-भरी नजर आती हैं.
कई जगहों पर बादल पहाड़ियों को इस तरह ढक लेते हैं कि पूरा नजारा किसी फिल्मी सीन जैसा लगता है. यही वजह है कि मानसून के बाद मुन्नार एक शांत और खूबसूरत ट्रिप के लिए बढ़िया जगह हो सकती है.

मुन्नार
4. लोनावला: वीकेंड पर भी बनाया जा सकता है प्लान
अगर आपके पास लंबी छुट्टी नहीं है और आप मानसून खत्म होने से पहले एक छोटी ट्रिप करना चाहते हैं, तो लोनावला का प्लान बनाया जा सकता है. मुंबई और पुणे के आसपास रहने वालों के बीच यह जगह बारिश के मौसम में काफी पसंद की जाती है.
बारिश के बाद यहां की हरी-भरी वादियां और झरने देखने लायक होते हैं. दोस्तों के साथ रोड ट्रिप हो या परिवार के साथ वीकेंड गेटअवे, लोनावला दोनों के लिए अच्छा विकल्प है.
उदयपुर: झीलों के शहर में बारिश का अलग अंदाज
अब इस लिस्ट में आखिरी जगह है राजस्थान का उदयपुर. वैसे तो उदयपुर अपनी झीलों, महलों और खूबसूरत वास्तुकला के लिए जाना जाता है, लेकिन मानसून के बाद यहां का नजारा कुछ और ही हो जाता है. बारिश से धुली अरावली की पहाड़ियां और झीलों में नजर आता आसमान शहर की खूबसूरती बढ़ा देता है.
मानसून के दौरान या उसके बाद यहां पिछोला झील, सिटी पैलेस और सज्जनगढ़ पैलेस घूमने का प्लान बनाया जा सकता है. खासकर सज्जनगढ़ से आसपास की हरियाली और झीलों का नजारा बारिश के बाद बेहद खूबसूरत दिखाई देता है.
उदयपुर
तो मानसून की आखिरी बारिशों के साथ अगर एक खूबसूरत ट्रिप का मन बना रहे हैं, तो इन 5 जगहों में से अपनी पसंद की जगह चुन सकते हैं.बस निकलने से पहले मौसम और स्थानीय हालात की जानकारी जरूर ले लें, ताकि सफर खूबसूरत होने के साथ-साथ आरामदायक भी रहे.
" मानसून अब धीरे-धीरे अपने आखिरी दौर में पहुंच रहा है. ऐसे में अगर आप भी मौसम पूरी तरह बदलने से पहले एक छोटी सी ट्रिप प्लान करने की सोच रहे ह…"
