मिर्ज़ापुर की गद्दी की लड़ाई नए कलेवर के साथ एक बार फिर धमाल मचाने आने वाली है. लेकिन, इस बार आपके फ़ोन से पहले नज़दीकी सिनेमाघरों में आ रही है. तीनों सीजन में मार गए कई किरदार आपकी आँखों के सामने ज़िंदा नज़र आएँगे. वहीं, अन्य वेब सीरीज में फैन्स को पसंद आए दो एक्टर्स की भी एंट्री होगी.  मेकर्स ने 25 जून को मच अवेटेड फिल्म 'मिर्जापुर- द मूवी' का टीजर रिलीज कर दिया है. 

टीजर में सबसे ज्यादा चर्चा मुन्ना भैया की वापसी को लेकर हो रही है. इसके साथ ही कालीन भैया और गुड्डू पंडित के बीच सत्ता की जंग एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी.

रिलीज किए गए टीजर में मिर्जापुर की वही पुरानी दुश्मनी, बदले की भावना और वर्चस्व की लड़ाई नजर आती है, जिसने वेब सीरीज को लोकप्रिय बनाया था. पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अपने दमदार अंदाज में दिखाई देते हैं. वहीं कई एक्शन सीक्वेंस भी टीजर को खास बनाते हैं.

फिल्म में इस बार कुछ नए चेहरों की भी एंट्री हुई है. 'पंचायत' से लोकप्रिय हुए जितेंद्र कुमार और अभिनेता रवि किशन पहली बार मिर्जापुर यूनिवर्स का हिस्सा बने हैं. टीजर में दोनों की झलक देखने के बाद फैंस उनके किरदारों को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं.

टीजर में कई यादगार डायलॉग भी सुनने को मिलते हैं. कालीन भैया का अंदाज एक बार फिर दर्शकों को आकर्षित करता है, जबकि जितेंद्र कुमार का किरदार भी कहानी में नई दिलचस्पी जोड़ता दिखाई देता है. यही वजह है कि टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई.

फिल्म की स्टार कास्ट में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु के अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौड़, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास भी शामिल हैं.

मेकर्स के मुताबिक 'मिर्जापुर- द मूवी' 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. टीजर के बाद फैंस अब फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

"मिर्ज़ापुर की गद्दी की लड़ाई नए कलेवर के साथ एक बार फिर धमाल मचाने आने वाली है. लेकिन, इस बार आपके फ़ोन से पहले नज़दीकी सिनेमाघरों में आ रही…"