उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली. महिला का जिम ट्रेनर के साथ पिछले 8 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था. जब पति को दोनों के रिश्ते की भनक लगी, तो पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया. आरोप है कि जिम ट्रेनर घर में घुसा और पति पर चाकू से कई वार कर दिए. हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी चीख-पुकार सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
एक ही जगह काम करते हैं पति-पत्नी
घायल पति की पहचान शशांक के रूप में हुई है. वह पोस्टल ऑफिस में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है. उसकी पत्नी प्रिया शर्मा भी सीनियर अकाउंटेंट है. दोनों एक ही जगह काम करते हैं. पुलिस के मुताबिक, प्रिया का जिम ट्रेनर प्रताप सिंह के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. शशांक को जब दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला, तो उसने इसका विरोध किया. इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
जिम में हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि प्रिया और प्रताप की मुलाकात करीब 8 महीने पहले जिम में हुई थी. प्रताप उसे ट्रेनिंग देता था. इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर नजदीकियां बढ़ने लगीं. दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर भी ले लिए. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई. पुलिस के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन शशांक को उनके रिश्ते की जानकारी हो गई थी.
दिवाली के बाद फ्लैट बदलने वाला था पति
पुलिस के मुताबिक, प्रताप ने पूछताछ में बताया कि वह और प्रिया रोज जिम में मिलते थे. बाद में दोनों फ्लैट पर भी मिलने लगे और कभी-कभी बाहर भी जाते थे. शशांक उनके रिश्ते से नाराज था. वह दिवाली के बाद फ्लैट बदलने की तैयारी कर रहा था. प्रिया ने यह बात प्रताप को बताई. इसके बाद दोनों ने शशांक की हत्या की साजिश रची.
फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़कर बनाई योजना
आरोप है कि योजना के मुताबिक, प्रताप चाकू लेकर शशांक के फ्लैट पर पहुंचा. प्रिया ने फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़ दिया था, ताकि प्रताप आसानी से अंदर जा सके. घटना के समय प्रिया सोसाइटी के गेट पर अपनी गाड़ी से बाहर निकल रही थी. इसी दौरान प्रताप फ्लैट में घुसा और शशांक पर चाकू से कई वार कर दिए.
हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी चीख-पुकार सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची इंदिरापुरम पुलिस ने घायल शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
घटना के बाद पुलिस ने शशांक की शिकायत पर मामला दर्ज किया. पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रिया शर्मा और उसके प्रेमी प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया.
"उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली. महिला का जिम ट्रेनर के साथ प…"













