फीफा वर्ल्ड कप 2026: जानें कैसा रहा फीफा वर्ल्ड कप का पहला सप्ताह. कौन जीता कौन हारा. वीकली रीकैप में जानें फीफा के इस सप्ताह में खेले गए हर मैच का हाल.
मैच 1: मेक्सिको 2–0 दक्षिण अफ्रीका (ग्रुप A)
टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने शानदार शुरुआत की. मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मेक्सिकन टीम ने खेल की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा. दक्षिण अफ्रीका ने डिफेंस में काफी संघर्ष किया, लेकिन मेजबान टीम ने दो बेहतरीन गोल दागकर मैच अपने नाम कर लिया.
मैच 2: दक्षिण कोरिया 2–1 चेक रिपब्लिक (ग्रुप A)
ग्वाडलहारा स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा. दक्षिण कोरिया की गति और आक्रामक रणनीति के सामने चेकिया का डिफेंस शुरू में असहाय दिखा. चेकिया ने दूसरे हाफ में वापसी की कोशिश की और एक गोल भी दागा, लेकिन कोरियाई टीम ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए 2-1 से मुकाबला जीत लिया.
मैच 3: कनाडा 1–1 बोस्निया-हर्जेगोविना (ग्रुप B)
सह-मेजबान कनाडा को टॉरंटो स्टेडियम में अपने पहले ही मैच में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा. दोनों टीमों ने बेहद रक्षात्मक और अनुशासित खेल दिखाया. दोनों तरफ से काफी अटैकिंग खेल देखने को मिला और मैच में कई येलो कार्ड भी दिखाए गए. अंत में दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर छूटीं.
मैच 4: यूएसए 4–1 पैराग्वे (ग्रुप D)
लॉस एंजिल्स स्टेडियम में अमेरिकी टीम ने टूर्नामेंट का अब तक का सबसे आक्रामक खेल दिखाया. यूएसए ने पैराग्वे के डिफेंस को छकाते हुए उन्हें शुरु से ही मैच में पीछे रखा .
पैराग्वे के खिलाड़ियों ने खेल में काफी आक्रामकता दिखाई,पर वो खेल भावना के विरुद्ध थे जिसके कारण उन्हें 5 येलो कार्ड मिले. यूएसए ने एकतरफा अंदाज में यह मैच 4-1 से जीतकर अपना वर्ल्ड कप अभियान शानदार अंदाज में शुरु किया.
मैच 5: कतर 1–1 स्विट्जरलैंड (ग्रुप B)
सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में खेले गए इस मैच में स्विट्जरलैंड की टीम जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी. हालांकि, एशियाई चैंपियन कतर ने हार नहीं मानी और आखिरी पलों में शानदार गोल दागकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया और ऐतिहासिक रूप से अपना पहला वर्ल्ड कप अंक हासिल किया.
मैच 6: ब्राजील 1–1 मोरक्को (ग्रुप C)
न्यू यॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला इस सप्ताह के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक था. साल 2022 की सेमीफाइनलिस्ट मोरक्को ने पांच बार की चैंपियन ब्राजील को हैरान कर दिया.
ब्राजील का खेल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने एक बेहतरीन व्यक्तिगत गोल करके ब्राजील को शर्मनाक हार से बचा लिया, नहीं तो यह इस सप्ताह का सबसे बड़ा उलटफेर होता.
मैच 7: हैती 0–1 स्कॉटलैंड (ग्रुप C)
बोस्टन स्टेडियम में स्कॉटलैंड ने हैती के खिलाफ एक बेहद करीबी मुकाबले में 1-0 से जीत दर्ज की. जॉन मैक्गिन के गोल की बदौलत स्कॉटिश टीम ने पूरे अंक बटोरे. हैती ने गोल करने के कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन वे स्कॉटलैंड के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे.
मैच 8: ऑस्ट्रेलिया 2–0 तुर्की (ग्रुप D)
बीसी प्लेस वैंकूवर में ऑस्ट्रेलिया ने यूरोपियन दिग्गज तुर्की के खिलाफ रणनीतिक रूप से बेहतरीन खेल दिखाया. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच में मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया और दो गोल दागकर क्लीन शीट के साथ टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की.
मैच 9: जर्मनी 7–1 कुराकाओ (ग्रुप E)
ह्यूस्टन स्टेडियम में टूर्नामेंट का सबसे एकतरफा मुकाबला देखने को मिला. जर्मन टीम ने कुराकाओ के खिलाफ गोलों की बौछार कर दी. काई हावर्ट्ज़ के दो शानदार गोलों की मदद से जर्मनी ने यह मैच 7-1 से जीता. हालांकि, कुराकाओ के लिए राहत की बात यह रही कि उन्होंने इतिहास में अपना पहला वर्ल्ड कप गोल दागा.
मैच 10: नीदरलैंड्स 2–2 जापान (ग्रुप F)
डलास स्टेडियम में फुटबॉल प्रेमियों को एक ब्लॉकबस्टर मुकाबला देखने को मिला. डच टीम और जापानी 'सामुराई ब्लू' के बीच अंत तक कांटे की टक्कर चलती रही. दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ लगातार हमले किए और अंत में यह रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ.
मैच 11: आइवरी कोस्ट 1–0 इक्वाडोर (ग्रुप E)
फिलाडेल्फिया स्टेडियम में दो एक समान टीमों के बीच जंग देखने को मिली. मैच बेहद आक्रामक था और आइवरी कोस्ट को 3 येलो कार्ड का सामना करना पड़ा. लेकिन अफ्रीकी दिग्गजों ने मैच में मिली एकमात्र बढ़त को अंत तक कायम रखा और इक्वाडोर को 1-0 से मात दी.
मैच 12: स्वीडन 5–1 ट्यूनिशिया (ग्रुप F)
मॉन्टेरी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में स्वीडन ने ट्यूनिशिया के खिलाफ पूरी तरह से अपना दबदबा बनाया. स्वीडन के लिए यासिन अयारी स्टार रहे, जिन्होंने मैच के छठे और आखिरी मिनटों में दो शानदार गोल दागे.
इसके अलावा अलेक्जेंडर इसाक और विक्टर ग्योकेरेस ने भी गोल करके स्वीडन को 5-1 की बड़ी जीत दिलाई. ट्यूनिशिया के लिए एकमात्र गोल उमर रेकिक ने किया.
ये भी पढ़ें: WT20- World Cup: भारत की बेटियों ने पाकिस्तान को चटाई धूल, टी-20 वर्ल्ड कप का किया धमाकेदार आगाज
"फीफा वर्ल्ड कप 2026: जानें कैसा रहा फीफा वर्ल्ड कप का पहला सप्ताह. कौन जीता कौन हारा. वीकली रीकैप में जानें फीफा के इस सप्ताह में खेले गए हर…"
