महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 64 रन से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 170/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर ढेर हो गई.

कैप्टन और वाइस कैप्टन ने बनाया मैच
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती झटकों के बाद टीम दबाव में दिखी, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने पारी संभाल ली. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 91 रन की अहम साझेदारी हुई. मंधाना ने 44 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं हरमनप्रीत ने 36 रनों का योगदान दिया.

आखिरी ओवरों में भारत ने दिखाया दम
अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने दीप्ति शर्मा के साथ 21 बॉल में 45 रन जोड़े.ऋचा ने सिर्फ 17 गेंदों पर 34 रन ठोककर पाकिस्तान के गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं और भारत को 170 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ायी पाकिस्तान
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन भारत के स्पिन जाल ने पाकिस्तान को पूरी तरह बांध दिया.भारत की फिरकी के सामने पाकिस्तान का मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया. मुनीबा अली के 41 रन को छोड़ दें तो कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकी और पूरी टीम 106 रन पर सिमट गई.

दीप्ति शर्मा और श्री चरणी के स्पिन में फंसी पाकिस्तान
स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. उनका शानदार साथ युवा स्पिनर श्री चरणी ने दिया, जिन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए.

इस जीत के साथ ही भारत ने अपने वर्ल्ड कप अभियान का शंखनाद कर दिया है. भारत का अगला मैच 17 जून को नीदरलैंड्स से है.


 

"महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 64 रन से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज …"