FIFA World Cup 2026 के पांचवें दिन फुटबॉल प्रशंसकों को रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले. सोमवार को खेले गए चारों मैच ड्रॉ रहे, जिससे कई बड़े दावेदारों की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं हो सकी. ग्रुप G में बेल्जियम और मिस्र ने 1-1 से अंक बांटे, जबकि ईरान और न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ. वहीं ग्रुप H में उरुग्वे को सऊदी अरब ने 1-1 की बराबरी पर रोक दिया. जबकि स्पेन और केप वर्डे के बीच हुआ मुकाबला 0-0 पर खत्म हुआ.

बेल्जियम को मिस्र ने चौंकाया
सीएटल में खेले गए मुकाबले में मिस्र ने बेल्जियम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबले को 1-1 से ड्रॉ कराया. एक समय ऐसा लग रहा था कि मिस्र बड़ा उलटफेर कर देगा, लेकिन अनुभवी स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू के मैदान पर आते ही मैच का रुख बदल गया और बेल्जियम हार से बचने में सफल रहा.

ईरान और न्यूजीलैंड ने दिखाया बेस्ट गेम
ग्रुप G के दूसरे मुकाबले में ईरान और न्यूजीलैंड ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. न्यूजीलैंड ने दो बार बढ़त बनाई, लेकिन ईरान ने दोनों बार वापसी करते हुए मैच 2-2 से बराबर कर दिया. न्यूजीलैंड के लिए एलिजा जस्ट ने दो गोल दागे, जबकि ईरान की ओर से रैमिन रेजाइयान और मोहम्मद मोहेबी ने गोल किए.

सऊदी अरब ने उरुग्वे को रोका
ग्रुप H में सऊदी अरब ने बड़ा सरप्राइज दिया. टीम ने उरुग्वे के खिलाफ पहले गोल कर बढ़त बनाई और मुकाबले में शानदार संघर्ष दिखाया. हालांकि दूसरे हाफ में मैक्सी अराउजो ने गोल कर उरुग्वे को बराबरी दिला दी. अंततः मैच 1-1 से ड्रॉ रहा और दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा.

स्पेन भी जीत दर्ज नहीं कर सका
दिन के पहले मुकाबले में स्पेन और केप वर्डे के बीच खेला गया मैच गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ. स्पेन ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन केप वर्डे की मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहा. नतीजतन दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला.

ग्रुप G और H की जंग हुई दिलचस्प
बेल्जियम-मिस्र और ईरान-न्यूजीलैंड के ड्रॉ रहने के बाद ग्रुप G की सभी चार टीमों के खाते में एक-एक अंक हैं. वहीं ग्रुप H में भी स्पेन, केप वर्डे, उरुग्वे और सऊदी अरब के पास एक-एक अंक है. ऐसे में अगले मुकाबले दोनों ग्रुपों में नॉकआउट की तस्वीर तय करने के लिहाज से बेहद अहम होंगे.
 

ये भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: पहले सप्ताह में हुए मैचों का एक क्वीक रीकैप. जानें कौन जीता कौन हारा.

"FIFA World Cup 2026 के पांचवें दिन फुटबॉल प्रशंसकों को रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले. सोमवार को खेले गए चारों मैच ड्रॉ रहे, जिससे कई…"