बुधवार शाम वेनेजुएला में एक के बाद एक दो बहुत शक्तिशाली भूकंप आए. इन भूकंपों से राजधानी कराकस में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ इमारतें गिर भी गईं. पूरे देश में दहशत का माहौल है.
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था. इसका केंद्र वेनेजुएला के कैरिबियाई तट पर स्थित मोरोन के पश्चिम में था. इसकी गहराई लगभग 13 किलोमीटर थी.
पहले भूकंप के केवल एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया. इसका केंद्र मोरोन से दक्षिण-पश्चिम दिशा में था और इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर थी. एक्सपर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला में पिछले 100 वर्षों के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल हैं.
अब तक 32 लोगों की मौत और लगभग 700 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक आंकड़े बढ़ सकते हैं क्योंकि कई प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है.
राजधानी काराकस में कई इलाकों में इमारतें हिलने लगीं, जिसके बाद लोग तुरंत बाहर निकल आए. कुछ जगहों पर पूरी दीवारें गिर गईं और सड़कों पर मलबा फैल गया. शहर के व्यस्त इलाकों में धूल के बड़े-बड़े गुबार भी देखे गए.
काराकस निवासी रॉबर्टो डमास ने बताया कि उनकी इमारत जोर-जोर से हिल रही थी. उन्होंने कहा कि झटके इतने तेज थे कि लोग चलते-चलते गिर रहे थे. उनके अपार्टमेंट के अंदर कई सामान नीचे गिर गए, लेकिन वे सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे.
सरकार की अपील
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने कहा कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए. उन्होंने बताया कि राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में भेजे गए हैं.
उन्होंने लोगों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा एक-दूसरे की सुरक्षा की जानकारी लेने की अपील की.
आफ्टरशॉक का खतरा
गृह मंत्री ने लोगों से फिलहाल घरों और इमारतों के अंदर न जाने की सलाह दी है. उनका कहना है कि भूकंप के बाद आने वाले झटके (आफ्टरशॉक) कमजोर इमारतों को और नुकसान पहुंचा सकते हैं.
पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है. वहीं डोमिनिकन रिपब्लिक ने भी चेतावनी जारी की. प्यूर्टो रिको के लिए जारी अलर्ट बाद में वापस ले लिया गया.
"बुधवार शाम वेनेजुएला में एक के बाद एक दो बहुत शक्तिशाली भूकंप आए. इन भूकंपों से राजधानी कराकस में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ इमारत…"
