राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुए 'संसद चलो' मार्च और प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के परिवारों का दर्द अब सामने आया है. शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिसकर्मियों के परिजनों ने अपनी आपबीती साझा की
एक वर्दी के पीछे पूरा परिवार होता है
दिल्ली पुलिस के घायल जवानों के परिजनों ने शुक्रवार को मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों की पीड़ा भी सामने आनी चाहिए. परिजनों ने बताया कि उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनके अनुभवों का वीडियो बनाया है, जिसे उन्होंने मीडिया के सामने साझा किया.
परिजनों ने कहा कि एक वर्दी के पीछे सिर्फ एक पुलिसकर्मी नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार जुड़ा होता है. उसके पीछे उसकी मां, पत्नी और बच्चे होते हैं, जो हर दिन इंतजार करते हैं कि वह ड्यूटी से सुरक्षित घर लौटे.
परिजनों का दर्द
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान घायल हुए एक एएसआई की पत्नी सीमा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ उग्र हो गई थी और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया. उन्होंने कहा कि पुलिसवालों का भी परिवार होता है और उनकी सुरक्षा भी जरूरी है. उन्होंने बताया कि उनके पति को पत्थरों से चोट लगी और सुरक्षा के लिए दिया गया हेलमेट तक टूट गया था.
एएसआई की बेटी कुंदन ने बताया कि 25 तारीख को जंतर-मंतर पर ड्यूटी के दौरान उनके पिता घायल हो गए थे. उनके साथी पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि उनके पिता की पूरी वर्दी खून से लाल हो गई थी और सिर पर चार टांके लगे थे.
एएसआई की पत्नी सीमा ने बताया कि 20 जुलाई को उनके पति की जंतर-मंतर पर ड्यूटी लगी थी. बातचीत के दौरान उन्होंने बताया था कि वहां काफी भीड़ है. शाम करीब सात बजे जब उन्होंने फोन किया तो पता चला कि वह इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए थे, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए.
CJP ने भी उठाए थे सवाल
वहीं, सीजेपी ने भी आरोप लगाया था कि 20 जुलाई के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पैलेट गन का इस्तेमाल किया. संगठन ने कई छात्रों के घायल होने का दावा करते हुए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.
राहुल गांधी ने भी नहीं दिया जवाब
इसी बीच, संसद परिसर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से जब दिल्ली पुलिस के घायल जवानों के परिजनों की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर सवाल पूछा गया, तो वह जवाब देने से बचते नजर आए. पत्रकार के सवाल पर राहुल गांधी नाराज हो गए और उन्होंने पूछा, “क्या आप बीजेपी से हैं?” इसके बाद वह बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए.
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पत्रकार को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि राहुल गांधी अक्सर सवाल पूछने वालों पर बीजेपी से जुड़े होने का आरोप लगाते हैं और सवालों का जवाब दिए बिना आगे निकल जाते हैं.
"राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुए 'संसद चलो' मार्च और प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के परिवारों का दर्द अब सामने आया है. श…"
