देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ती हुई छात्रों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है. लोहे की कीलों से मोटी शीटों को मजबूती से फिक्स कर दिया गया है.लगे हुए बैरिकेड्स को भी एक-दूसरे से जोड़ दिया गया है,जिससे वे गिर न सकें. इसके अलावा बैरिकेड्स को लोहे की चेन से भी बांध दिया गया है. वहीं,जॉइंट सीपी विजय सिंह अपनी टीम के साथ निगरानी करते नजर आए. उन्होंने कहा कि हालात अभी सामान्य हैं. बैरिकेड्स को नए तरीके से फिक्स करने के सवाल पर उनका कहना था कि जो भी उचित लग रहा है,वह सक्षम प्राधिकारी (Competent Authority)द्वारा किया जा रहा है.
जंतर-मंतर के चारों ओर सुरक्षा का अभेद्य घेरा
जयसिंह मार्ग के ठीक सामने स्थित जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने वाले सभी रास्तों पर दिल्ली पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है. बीच में पड़ने वाले संसद मार्ग समेत पूरे इलाके को चारों दिशाओं से बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है. कई स्थानों पर छह से सात परतों में बैरिकेडिंग की गई है.जिससे बिना अनुमति आगे बढ़ना लगभग असंभव हो गया है. इस बीच,प्रदर्शन स्थल के बाहर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद है और संसद मार्ग तथा कनॉट प्लेस (सीपी)की ओर से लगातार प्रदर्शनकारियों और समर्थकों का पहुंचना जारी है.
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था एकदम टाइट
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को करीब से देखने पर पता चलता है कि बैरिकेडिंग तीन अलग-अलग लेयर में लगाई गई है. इन सभी बैरिकेड्स को आपस में चेन और रस्सियों से बांधा गया है.ताकि इन्हें हटाने की कोशिश की जाए तो भी एक भी बैरिकेड अलग न हो सके. मकसद साफ है कि हालात बिगड़ने की स्थिति में भी सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे.
"देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ती हुई छात्रों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है. लोहे की कीलों से मोटी …"
