BJP के परंपरागत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव इस बार दिलचस्प होता जा रहा है. जहां शुरुआत में मुकाबला BJP और RJD के बीच सीधा माना जा रहा था, वहीं जन सुराज पार्टी की सक्रियता ने चुनावी समीकरण को त्रिकोणीय बना दिया है.
चुनावी शोर के बीच मतदाता अब भी खामोश हैं. लोग खुलकर अपनी पसंद जाहिर करने से बच रहे हैं. ऐसे में चुनावी हवा किस ओर बह रही है, इसका सही अंदाजा मतदान और मतगणना के बाद ही लग सकेगा.
BJP और RJD ने झोंकी पूरी ताकत
उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर थमने से पहले सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है. RJD की ओर से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में मेगा रोड शो किया, जबकि BJP ने भी अपने उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया.
नबीन ने जताया BJP की जीत का भरोसा
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में NDA की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से BJP पर विश्वास करती आई है और इस बार भी नीरज कुमार सिन्हा को समर्थन देगी.
उन्होंने कहा कि BJP विकास और जनसेवा की राजनीति करती है और बांकीपुर में हुए विकास कार्यों के आधार पर जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करेगी. नितिन नबीन ने अपने दिवंगत पिता नबीन किशोर सिन्हा का भी जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों का विश्वास आज भी BJP के साथ कायम है.
जातीय समीकरणों पर टिका बांकीपुर का चुनावी गणित
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में करीब 3.89 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. यहां चुनावी गणित काफी हद तक जातीय और सामाजिक समीकरणों पर निर्भर है.
सवर्ण मतदाता इस सीट का सबसे बड़ा वोट बैंक माने जाते हैं. इनमें कायस्थ, भूमिहार, ब्राह्मण और राजपूत मतदाता शामिल हैं. कुल मिलाकर सवर्ण वोट BJP के पारंपरिक आधार के रूप में देखे जाते हैं.
इसके अलावा वैश्य समाज और कुर्मी मतदाता भी चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं. BJP और NDA इन वर्गों को अपने साथ बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.
RJD का भरोसा एमवाई समीकरण पर
RJD इस चुनाव में मुस्लिम-यादव समीकरण को मजबूत आधार मानकर चल रही है. इस वर्ग के मतदाताओं को पार्टी का परंपरागत समर्थन माना जाता है.
हालांकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी मुस्लिम और यादव बहुल इलाकों में सक्रिय प्रचार कर अपनी पकड़ बनाने की कोशिश की है. इससे मुकाबला और रोचक हो गया है.
तेजस्वी यादव ने किया बदलाव का दावा
RJD प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो करते हुए तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है. उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक प्रतिनिधित्व मिलने के बावजूद क्षेत्र में बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ.
उन्होंने सड़क, नाली, कानून-व्यवस्था और छात्र मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर हमला बोला.
बांकीपुर में किसके सिर बंधेगा जीत का ताज?
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला अब सिर्फ BJP और RJD के बीच नहीं रह गया है. BJP जहां अपने पारंपरिक सवर्ण और व्यापारी वोट बैंक के भरोसे मैदान में है, वहीं RJD एमवाई समीकरण और बदलाव के मुद्दे के साथ चुनाव लड़ रही है. दूसरी ओर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाकर दोनों बड़े दलों की चिंता बढ़ा दी है.
अब देखना होगा कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर BJP के नीरज कुमार सिन्हा पर भरोसा जताती है, RJD प्रत्याशी रेखा गुप्ता को बदलाव का मौका देती है या फिर प्रशांत किशोर की जन सुराज को नया विकल्प मानती है. इसका फैसला मतदान के बाद ही साफ होगा.
"BJP के परंपरागत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव इस बार दिलचस्प होता जा रहा है. जहां शुरुआत में मुकाबला BJP और RJD के…"
