अगले हफ़्ते अगर आप बैंक के काम को निपटाने की सोच रहे हैं , तो आपके लिए ज़रूरी ख़बर निकल कर आ रही है. बैंक यूनियनों की हड़ताल उनकी मांगो को लेकर प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल (28 से 30 सितम्बर 2026) में बैंकिंग सेवाएँ प्रभावित हो सकती हैं.
इससे पहले 26 सितंबर को दूसरा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण कई ग्राहकों को लगातार पांच दिनों तक शाखा संबंधी सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि, बैंक की डिजिटल सेवाएँ और अन्य वैकल्पिक माध्यम कई मामलों में उपलब्ध रहने की उम्मीद है.
क्यों हो रही है बैंक हड़ताल?
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है. UFBU का कहना है कि पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था को लेकर पहले समझौते और संयुक्त नोट में सहमति बनी थी, लेकिन इसके कार्यान्वयन का मुद्दा अभी लंबित है.
बैंक यूनियनों ने Performance Linked Incentive (PLI) से जुड़े मुद्दे भी उठाए थे. वित्त मंत्रालय के अनुसार सरकार ने PLI योजना को फिलहाल स्थगित कर दिया है. इसके बावजूद पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर विवाद बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: GDP 7.8% लेकिन Sensex-Nifty में गिरावट: अर्थव्यवस्था मजबूत, फिर शेयर बाजार क्यों डरा हुआ है?
सरकार ने की हड़ताल टालने की अपील
वित्त मंत्रालय ने 21 सितंबर 2026 को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के कर्मचारियों से प्रस्तावित हड़ताल से बचने की अपील की. सरकार ने कहा कि बाकी मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है.
इससे पहले 11 सितंबर को भी देशव्यापी एक दिवसीय बैंक हड़ताल हो चुकी है. अब 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है. UFBU ने मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम भी घोषित किया है.
ग्राहकों को किन सेवाओं में परेशानी हो सकती है?
हड़ताल की स्थिति में मुख्य रूप से बैंक शाखाओं में होने वाले प्रत्यक्ष कामकाज पर असर पड़ सकता है. इनमें नकद जमा या निकासी, चेक से जुड़े काम, ड्राफ्ट, शाखा स्तर पर दस्तावेजी कार्य और अन्य काउंटर सेवाएँ शामिल हो सकती हैं.
हालांकि, विभिन्न बैंकों की ओर से जारी ग्राहक सूचनाओं में डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. ATM, UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है, लेकिन किसी भी डिजिटल सेवा की उपलब्धता बैंक और तकनीकी परिस्थितियों पर निर्भर कर सकती है.
SBI समेत कई बैंकों ने ग्राहकों को किया सतर्क
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समेत कुछ प्रमुख बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे हड़ताल की संभावित अवधि से पहले अपने जरूरी बैंकिंग काम पूरे कर लें. SBI ने भी शाखा सेवाओं में संभावित व्यवधान को देखते हुए ग्राहकों से पहले से योजना बनाने को कहा है.
ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
अगर आपको सितंबर के आखिरी सप्ताह में बैंक शाखा से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो उसे 25 सितंबर तक पूरा करना सुविधाजनक रहेगा. खासकर जिन ग्राहकों को नकद लेन-देन, चेक, बैंक दस्तावेज, KYC या अन्य शाखा आधारित सेवा की जरूरत है, उन्हें पहले से योजना बनानी चाहिए.
डिजिटल भुगतान के लिए ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, जरूरी भुगतान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था रखना भी उपयोगी रहेगा.
"अगले हफ़्ते अगर आप बैंक के काम को निपटाने की सोच रहे हैं , तो आपके लिए ज़रूरी ख़बर निकल कर आ रही है. बैंक यूनियनों की हड़ताल उनकी मांगो को ल…"
