राष्ट्रीय जनता दल (RJD) आज पूरे बिहार में अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है. इस खास मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू यादव ने कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के नाम संदेश जारी किया.

अपने संदेश में लालू यादव ने पार्टी के 30 साल के सफर और संघर्षों का जिक्र किया. साथ ही उन्होंने बीजेपी पर देश को पीछे ले जाने और तानाशाही की राजनीति करने का आरोप लगाया.

' सिर्फ पार्टी नहीं, एक आंदोलन’

लालू यादव ने कहा कि RJD सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है. यह गरीबों, पिछड़ों, दलितों, वंचितों और शोषितों के हक की लड़ाई लड़ने वाला एक आंदोलन है, जो सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा.

वहीं, स्थापना दिवस के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव परिवार के साथ 10 दिन के यूरोप दौरे पर रवाना हो गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, RJD सांसद संजय यादव भी उनके साथ यूरोप गए हैं.

कार्यकर्ताओं के योगदान को दिया श्रेय

RJD सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि पार्टी आज जिस मुकाम पर है, वह लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और मेहनत का नतीजा है. उन्होंने सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का धन्यवाद किया.

लालू यादव ने कहा कि RJD सिर्फ बड़े एयरपोर्ट, मॉल और होटलों वाले विकास में विश्वास नहीं करती. पार्टी ऐसा विकास चाहती है, जिसमें समाज के हर वर्ग, खासकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को बराबरी का हक और अवसर मिले.

उन्होंने कहा कि मजदूरों, किसानों, कारीगरों और आम लोगों की जिंदगी बेहतर बनाना ही RJD का मुख्य लक्ष्य है.

इसके साथ ही लालू यादव ने देश में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर चिंता जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि इन संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील भी की.


 

"राष्ट्रीय जनता दल (RJD) आज पूरे बिहार में अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है. इस खास मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू यादव ने कार्यकर्ताओं और बि…"