पिछले कुछ समय से भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है. टीम सेलेक्शन और कोचिंग को लेकर अक्सर ही टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठते रहते हैं. अब जब टीम 2027 के ODI World Cup की तैयारियों में जुटा है तो ऐसी उम्मीद की जा रही है कि भारत ज्यादा से ज्यादा वनडे मैच खेलेगी, पर आंकड़े कुछ और ही गवाही दे रहे हैं.

BCCI की प्रायोरिटी क्या है?
भारतीय क्रिकेट बोर्ड की प्राथमिकताओं में अब लगता है खेल पैसे के कहीं पीछे छुप गया है. ऐसा लिखने के पीछे एक बहुत बड़ा कारण है. एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम ने 2023 के वर्ल्ड कप के बाद से सिर्फ 29 ODI मैच खेले हैं. वहीं, टीम ने इससे लगभग तीन गुना ज्यादा T-20 मुकाबले खेले हैं. अब यह सवाल उठना लाजिमी है कि जब अगले साल टीम को वर्ल्ड कप खेलना है तो भी T-20 में इतनी रुची क्यों? वर्ल्ड कप 2023 से बाकी टीमों की तुलना में भारत ने काफी कम वनडे मुकाबले खेले हैं. इस दौरान सबसे ज्यादा वनडे खेलने के मामले में भारत 7वें नंबर पर है. सबसे ज्यादा वनडे न्यूजीलैंड ने खेले हैं. न्यूजीलैंड 2023 वर्ल्ड कप से अब तक 37 मकाबले खेल चुकी है. वेस्टइंडीज ने भी उतने ही मैच खेले हैं. इसके अलावा श्रीलंका ने 36, बांग्लादेश ने 35, इंग्लैंड ने 32 और पाकिस्तान ने 32 मुकाबले खेले हैं. वनडे की दो पावरहाउस टीमें भारत और ऑस्ट्रेलिया ने 29 मैच खेले हैं.

सबसे ज्यादा T-20 मैच
क्रिकेट देखने वाले भी अब पारंपरिक फॉर्मेट से दूरी बना रहे हैं शायद यही वजह है कि T-20 मैचों की डिमांड बहुत हो गई है. इस फॉर्मेट से अच्छा रिवेन्यू भी आता है. भारत पिछले ढाई सालों में फुल-मेंबर्स टीमों में सबसे ज्यादा T-20 मैच खेलने वाला देश है. भारत ने कुल 78 T-20 मैच खेले हैं. वहीं अगर पूरे विश्व में T-20 खेलने वाले कुल 106 देशों से तुलना करें तो भारत तीसरे स्थान पर है. इसका सीधा-सीधा इशारा क्रिकेट को एक खेल नहीं बल्कि बिजनेस की तरह देखा जा रहा है. 

ज्यादा एक्सपेरीमेंट, वर्ल्ड कप के लिए तैयार नहीं कोर टीम
भारतीय टीम में हर सीरीज में कई सारे बदलाव देखने को मिलते हैं. कभी चोट के चलते रिप्लेसमेंट, कभी युवाओं को मौका, कभी सीनियर को रेस्ट तो कभी टीम कॉम्बीनेशन को बेहतर करने का एक्सपेरीमेंट. इन सब कारणों से भारत के पास फिलहाल एक कोर टीम नहीं बन पाई है जो World Cup 2027 के लिए तैयार हो. कुछ आंकड़ो पर नजर डालेंगे तो यह तस्वीर साफ हो जाएगी की भारत को अभी टीम कॉम्बीनेशन को दुरुस्त करने के लिए कितना काम करने की जरुरत है. 

World Cup 2023 से भारत ने वनडे में कुल 34 खिलाडियों को मौका दिया है. जिसमें से सिर्फ 12 खिलाड़ी ही ऐसे है जिन्होंने 10 से ज्यादा मुकाबले खेले हैं. इसके अलावा अगर खिलाड़ियों की बात करें तो विराट कोहली ने 22 और रोहित शर्मा ने 26 वनडे खेले हैं. भारत के स्टार बॉलर जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने क्रमशः दो और आठ मुकाबले खेले हैं. अब इसी तरह से चलता रहा तो इस एक सालों में एक पुख्ता टीम कॉम्बीनेशन तैयार कर पाना काफी मुश्किल हो जाएगा.

World Cup 2027 कब से शुरु?
2027 क्रिकेट वर्ल्ड कप 4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना प्रस्तावित है. इसकी तैयारी के लिए भारत को ज्यादा से ज्यादा 50 ओवर के मैच खेलने पर ध्यान देने की जरुरत है. फिलहाल भारत के आगामी दौरों को देखकर ऐसा ही लग रहा है कि BCCI T-20 के मोह से निकल नहीं पा रही है. तय कार्यक्रम की बात करें तो आगामी दौरों में भारत को 12 वनडे मुकाबले खेलने हैं वहीं उसे 16 T-20 के मुकाबले खेलने हैं. 
 

"पिछले कुछ समय से भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है. टीम सेलेक्शन और कोचिंग को लेकर अक्सर ही टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठते रह…"