रौनक एक उभरता हुआ सितारा
भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी रौनक चौहान का शानदार प्रदर्शन अमेरिका में जारी यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में लगातार जारी है. 18 वर्षीय रौनक ने पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में इजरायल के अनुभवी खिलाड़ी मिशा जिल्बरमैन को सीधे गेमों में 23-21, 21-11 से हराकर पहली बार किसी BWF वर्ल्ड टूर सुपर 300 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली.

अपने से शीर्ष रैंकिंग वालों के दे रहे मात
करीब 38 मिनट तक चले मुकाबले में रौनक ने पहले गेम में कड़ी टक्कर के बाद बढ़त बनाई, जबकि दूसरे गेम में उन्होंने पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और आसानी से जीत दर्ज की. इससे पहले रौनक ने प्री-क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त और दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी चाउ तिएन-चेन को हराकर बड़ा उलटफेर किया था.

टूर्नामेंट का फाइनल भारतीयों के बीच भी हो सकता है
अब सेमीफाइनल में रौनक का सामना चीनी ताइपे के आठवीं वरीयता प्राप्त सु ली यांग से होगा. अगर वह यह मुकाबला जीतने में सफल रहते हैं और दूसरी ओर किदांबी श्रीकांत भी अपना सेमीफाइनल जीतते हैं, तो टूर्नामेंट में पुरुष एकल का फाइनल पूरी तरह भारतीय हो सकता है.

महिला वर्ग में भी भारत के लिए अच्छी खबर
भारत के लिए महिलाओं के एकल वर्ग में भी अच्छी खबर रही. देविका सिहाग ने जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त रिको गुंजी को 22-20, 21-19 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. वहीं अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने भी चीनी ताइपे के लियाओ झुओ-फू को 21-9, 12-21, 21-8 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया.

 

"रौनक एक उभरता हुआ सिताराभारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी रौनक चौहान का शानदार प्रदर्शन अमेरिका में जारी यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में लगातार…"