लखनऊ के इकाना में खेले गए भारत और वेस्ट इंडीज के पहले T20I मैच में भारतीय टीम ने आठ विकेट से जीत हासिल की. टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करते हुए भारत ने मेहमानों को 171 रनों के स्कोर पर रोक दिया. उसके बाद बैटिंग करने उतरी भारत ने 15वें ओवर में ही मैच को अपने नाम कर लिया. श्रेयस अय्यर ने T20I में अपना पहला शतक लगाया और कई नए कीर्तिमान अपने नाम कर लिए. उन्होंने विराट कोहली के सात साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ा. आइए जानते श्रेयस अय्यर द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स के बारे में.
रदरफोर्ड और शाई ने जगाई थोड़ी होप
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हार कर पहले बैटिंग करने उतरी वेस्ट इंडीज की शुरुआत काफी खराब रही. वेस्ट इंडीज के लिए ओपनिंग करने उतरे कप्तान शाई होप और कामिल पूरन की जोड़ी पहले विकेट के लिए सिर्फ 38 रन ही जोड़ पायी. अर्शदीप सिंह ने पूरन को 12 के स्कोर पर बोल्ड कर दिया. उसके बाद आए शिमरन हेटमायर भी कुछ खास नहीं कर पाए. फील्ड में अक्षर पटेल के हाथों से गेंद छिटकी और इसी मिसफील्ड का फायदा उठाना हेटमायर के लिए घाटे का सौदा साबित हुआ. अक्षर से हुई मिसफील्ड से जब गेंद छूटी तो कप्तान अय्यर ने फूर्ती दिखाते हुए गेंद को संजू तक पहुंचाया. शिमरन क्रीज से दूर रह गए और रन आउट हो गए.
वेस्ट इंडीज के लिए मुश्किल यहीं नहीं थमी. चार नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रोवमन पॉवेल बिना खाता खोले अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए. एक तरफ से वेस्ट इंडीज के विकेट गिरते जा रहे थे तो दूसरी तरफ कप्तान शाई होप खूंटा गाड़े खड़े थे. 44 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद वेस्ट इंडीज की पारी को संभाला रदरफोर्ड ने. उन्होंने होप के साथ मिलकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच 35 गेंद में 65 रन की साझेदारी हुई. दोनों ने मिलकर टीम के स्कोर को 100 रन के पार पहुंचाया.
टीम का स्कोर जब 107 रन था तब उन्हें नमन धीर ने 52 रन पर अक्षर के हाथों कैच आउट कराया. उसके बाद वेस्ट इंडीज के चार विकेट बहुत ही कम अंतराल पर गिर गए. आखिर में अकील हुसैन और रदरफोर्ड ने 9वें विकेट के लिए 18 गेंदों में 36 रन जोड़े. रदरफोर्ड ने सबसे ज्यादा 56 रन बनाए. उन्हें मयंक यादव ने नमन धीर के हाथों कैच कराया. मेहमान टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 19.1 ओवर में 171 रन पर ऑल आउट हो गई.
171 रन क्या काफी थे?
वेस्ट इंडीज ने भारत को जीत के लिए 172 रनों का लक्ष्य दिया. लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आमतौर पर पिच थोड़ी स्लो और गेंदबाजों के लिए मददगार रही है. उस लिहाज से 172 रन का स्कोर भी डिफेंड किया जा सकता था. हालांकि मेहमान टीम ऐसा करने में सफल नहीं हुई. भारत की तरफ से नमन धीर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिया. उनके अलावा अक्षर पटेल औऱ कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले.
रिकॉर्डतोड़ श्रेयस
172 रन के पीछा करने उतरी भारत को छोटी मगर तेज शुरुआत मिली. भारत का पहला विकेट 2.3 ओवर में 29 के स्कोर पर गिरा. अभिषेक शर्मा 10 बॉल में 21 रन बनाकर चलते बने. उनके बाद संजू सैमसन भी आउट हो गए. वह 9 गेंद में 11 रन बनाकर अकील हुसैन की गेंद पर उन्हें ही कैच थमा बैठे. उसके बाद भारत का एक भी विकेट नहीं गिरा और भारतीय टीम यह मैच 8 विकेट से जीत गई.
दो विकेट गिरने के बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने भारतीय पारी को तूफानी रफ्तार से आगे बढ़ाया. दोनों ने वेस्ट इंडीज के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. इन दोनों में खासकर श्रेयस की बैटिंग को देख के ऐसा लग रहा था कि पिच भारतीय बल्लेबाजों के बिल्कुल अनुकूल हो गई. वही पिच जो कुछ समय पहले गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो रही थी. उसी पिच पर श्रेयस ने तूफानी पारी खेली. उन्होंने 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और टीम को जीत दिला दी.
टूटा कोहली का 'विराट' रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने 172 रनों का चेज मात्र 14.4 ओवरों में कर लिया. इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण है श्रेयस अय्यर का तूफानी शतक. अय्यर ने 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और कई रिकॉर्ड भी तोड़े. उन्होंने कप्तान के तौर पर भारत की तरफ से चेज में सबसे बड़ी पारी को अंजाम दिया. एक कप्तान के तौर पर चेज में शतक लगाने वाले वह भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले भारत के लिए चेज में सबसे बड़ा स्कोर विराट कोहली के नाम था. विराट ने 2019 में इसी टीम के खिलाफ 94 रन की नाबाद पारी खेल कर टीम को जीत दिलाई थी.
वहीं श्रेयस एक कप्तान के तौर पर शतक लगाने वाले भारत के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. भारत की तरफ से इनसे पहले सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा ने ही एक कप्तान के तौर पर शतक लगाया था. रोहित ने एक कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा तीन शतक लगाए हैं.
फुल मेंबर्स टीमों के कप्तान के तौर पर श्रेयस का यह शतक संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज है. उनसे आगे जिम्बाब्वे के सिकंदर हैं जिन्होंने 33 गेंदों में यह कारनामा किया है. दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं. इन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2017 में 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था. तीसरे स्थान पर हैरी ब्रुक और श्रेयस अय्यर हैं. दोनों ने 42 गेंदों में शतक पूरा किया है. इन दोनों का शतक इसी साल आया है.
"लखनऊ के इकाना में खेले गए भारत और वेस्ट इंडीज के पहले T20I मैच में भारतीय टीम ने आठ विकेट से जीत हासिल की. टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करते हुए…"













