पंजाब कांग्रेस की कमान अब पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह के हाथ में है. पार्टी ने 2 अक्टूबर को उन्हें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है. वह अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह लेंगे.
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद इस्तीफा
वड़िंग ने 2 अक्टूबर को दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर औपचारिक रूप से इस्तीफा सौंपा. उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने पंजाब के हालात पर सवाल पूछे और उन्होंने संगठन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए. वड़िंग अप्रैल 2022 में अध्यक्ष बने थे. उन्होंने कहा कि करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल से वह संतुष्ट हैं. पार्टी ने भी उनके योगदान की सराहना की है.
इस्तीफे के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने एक्स पर नए अध्यक्ष को बधाई दी. उन्होंने लिखा, ‘सरदार परगट जी को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई. मेरी शुभकामनाएं.’
सचिन पायलट पर वड़िंग का संदेह
इस्तीफे से पहले वड़िंग ने पंजाब प्रभारी सचिन पायलट की भूमिका पर आशंका जताई. उनका कहना था कि हो सकता है पायलट को लगा हो कि अब उन्हें हटाने का समय आ गया है. साथ ही उन्होंने माना कि उनके पास इसका कोई ठोस प्रमाण नहीं है. पायलट को कांग्रेस ने सितंबर में पंजाब का AICC प्रभारी बनाया था.
परगट सिंह ने जताया आभार
जिम्मेदारी मिलने के बाद परगट सिंह ने एक्स पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट और अन्य वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा से पार्टी को मजबूत करेंगे और जनता की सेवा करेंगे.
हॉकी के मैदान से राजनीति तक
61 वर्षीय परगट सिंह ने 1992 और 1996 के ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की. उन्हें पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है. राजनीति में आने से पहले उन्होंने पंजाब पुलिस में भी सेवा दी.
उन्होंने 2012 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर जालंधर कैंट से चुनाव जीतकर राजनीतिक पारी शुरू की. बाद में वह कांग्रेस में शामिल हुए और 2017 व 2022 में इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते. वह पंजाब सरकार में शिक्षा और खेल मंत्री भी रह चुके हैं.
2027 से पहले सामने बड़ी चुनौतियां
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब पार्टी में पिछले कुछ समय से अंदरूनी खींचतान और गुटों के बीच मतभेद की चर्चा है. परगट सिंह के सामने संगठन को एकजुट करने, वरिष्ठ नेताओं के बीच तालमेल बैठाने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज करने की जिम्मेदारी होगी.
फिलहाल पार्टी ने चुनाव संबंधी विभिन्न समितियों के मौजूदा कार्यकारी अध्यक्षों और पदाधिकारियों को उनके पदों पर बरकरार रखा है. नियुक्ति के बाद पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं ने नए अध्यक्ष को बधाई दी है.
-ममता सिंह
"पंजाब कांग्रेस की कमान अब पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह के हाथ में है. पार्टी ने 2 अक्टूबर को उन्हें पंजाब प्र…"
