ज़रा सोचिए, आप किसी जरूरी मीटिंग में बैठे हैं और अचानक आपकी आंख लग जाती है. कभी किसी से बात करते हुए, तो कभी खाना खाते समय आपको नींद आने लगती है. शुरुआत में आप इसे थकान या नींद पूरी न होने की वजह मान सकते हैं. लेकिन अगर ऐसा बार-बार होने लगे और आप चाहकर भी अपनी नींद पर कंट्रोल न कर पाएं, तो यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है.
इस बीमारी को नार्कोलेप्सी (Narcolepsy) कहते हैं. यह एक न्यूरोलॉजिकल स्लीप डिसऑर्डर है, जिसमें दिमाग के सोने और जागने के चक्र को नियंत्रित करने की क्षमता प्रभावित होती है. इसकी वजह से व्यक्ति को दिन में अचानक और बहुत ज्यादा नींद आने लगती है. हैरानी की बात यह है कि रात में पर्याप्त नींद लेने के बावजूद भी व्यक्ति खुद को जागता नहीं रख पाता.
क्या है नार्कोलेप्सी और क्यों होती है यह बीमारी?
आमतौर पर लोग नींद से जुड़ी परेशानी होने पर इंसोम्निया यानी अनिद्रा के बारे में जानते हैं. लेकिन नार्कोलेप्सी इससे बिल्कुल अलग है. इसमें व्यक्ति को जरूरत से ज्यादा नींद आती है और कई बार वह रोजमर्रा के काम करते हुए भी अचानक सो सकता है.
दरअसल, हमारे दिमाग में सोने और जागने का एक नेचुरल सिस्टम होता है. इसमें ओरेक्सिन (Orexin) नाम का केमिकल अहम भूमिका निभाता है. यह केमिकल हमें जागते रहने और नींद को नियंत्रित करने में मदद करता है.
नार्कोलेप्सी के कुछ मामलों में दिमाग में ओरेक्सिन की कमी हो जाती है. इसकी वजह से शरीर का सोने और जागने वाला सिस्टम ठीक से काम नहीं कर पाता.
मेडिकल रिसर्च के मुताबिक, इसके पीछे ऑटोइम्यून प्रक्रिया और जेनेटिक कारण हो सकते हैं. कुछ मामलों में शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से ओरेक्सिन बनाने वाली कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने लगता है. हालांकि, इसके होने की सटीक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
AIIMS की स्टडी में सामने आई चौंकाने वाली बात
नार्कोलेप्सी को लेकर साल 2012 में Neurology India में AIIMS दिल्ली के शोधकर्ताओं की एक स्टडी प्रकाशित हुई थी. इस स्टडी में नार्कोलेप्सी से पीड़ित 20 मरीजों को शामिल किया गया था.
स्टडी में सभी मरीजों को दिन में बहुत ज्यादा नींद आने की परेशानी थी. इतना ही नहीं, तीन मरीजों के साथ अचानक नींद आने की वजह से सड़क दुर्घटना होने की बात भी सामने आई थी.
इससे समझा जा सकता है कि नार्कोलेप्सी सिर्फ बार-बार सो जाने की समस्या नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी और उसकी सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकती है.
नार्कोलेप्सी के 4 बड़े लक्षण
नार्कोलेप्सी का सबसे आम लक्षण दिन में बहुत ज्यादा नींद आना है. लेकिन इसके अलावा भी कुछ ऐसे लक्षण हैं, जिनकी पहचान करना जरूरी है.
1. दिन में अचानक नींद आना
यह नार्कोलेप्सी का सबसे प्रमुख लक्षण है. इसमें व्यक्ति को रात में अच्छी नींद लेने के बाद भी दिनभर नींद आती रहती है. कई बार काम करते हुए, पढ़ते समय या किसी से बातचीत के दौरान भी अचानक नींद आ सकती है.
2. कैटाप्लेक्सी (Cataplexy)
यह नार्कोलेप्सी का एक खास लक्षण है. इसमें अचानक शरीर की मांसपेशियां कमजोर पड़ने लगती हैं. कई बार हंसने, खुश होने या किसी तेज भावना के कारण ऐसा हो सकता है.
उदाहरण के लिए, हंसते समय व्यक्ति के घुटने मुड़ सकते हैं, गर्दन झुक सकती है या चेहरे की मांसपेशियों पर कंट्रोल कमजोर पड़ सकता है. यह स्थिति कुछ समय के लिए होती है.
AIIMS की इसी स्टडी में करीब 60 प्रतिशत मरीजों में कैटाप्लेक्सी के लक्षण भी देखे गए थे.
3. हिप्नोगॉजिक और हिप्नोपॉम्पिक हेलुसिनेशन
इस स्थिति में व्यक्ति को सोते समय या नींद से जागते वक्त ऐसी चीजें महसूस हो सकती हैं, जो वास्तव में वहां मौजूद नहीं होतीं. जैसे किसी के आवाज देने का एहसास होना, दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई देना या कमरे में किसी की मौजूदगी महसूस होना.
4. स्लीप पैरालिसिस (Sleep Paralysis)
इसमें व्यक्ति नींद से जागते समय कुछ देर के लिए अपने शरीर को हिला नहीं पाता. वह आसपास की चीजों को महसूस कर सकता है, लेकिन कुछ समय तक शरीर पर उसका कंट्रोल नहीं रहता.
हालांकि, हेलुसिनेशन और स्लीप पैरालिसिस का अनुभव उन लोगों को भी हो सकता है जिन्हें नार्कोलेप्सी नहीं है. लेकिन अगर इनके साथ दिन में बहुत ज्यादा नींद आने की समस्या भी बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
नार्कोलेप्सी का रोजमर्रा की जिंदगी पर क्या असर पड़ता है?
नार्कोलेप्सी से पीड़ित व्यक्ति के लिए सामान्य दिनचर्या निभाना भी मुश्किल हो सकता है. ऑफिस में काम करना, पढ़ाई करना या दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताना प्रभावित हो सकता है.
सबसे बड़ी परेशानी तब होती है, जब व्यक्ति को सफर के दौरान या गाड़ी चलाते समय अचानक नींद आने लगे. ऐसी स्थिति में दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है.
इसके अलावा बार-बार नींद आने की वजह से व्यक्ति का काम प्रभावित हो सकता है. कई बार लोग उसकी परेशानी समझने के बजाय उसे आलसी या लापरवाह समझने लगते हैं. इससे उसके आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है.
कैसे होती है नार्कोलेप्सी की पहचान?
नार्कोलेप्सी की पहचान के लिए डॉक्टर सबसे पहले व्यक्ति की नींद से जुड़ी आदतों और मेडिकल हिस्ट्री के बारे में जानकारी लेते हैं. इसके बाद जरूरत के हिसाब से कुछ टेस्ट किए जाते हैं.
- Polysomnography: यह रात में होने वाली स्लीप स्टडी है. इसमें सोते समय दिमाग की गतिविधियों, सांस और नींद के पैटर्न को रिकॉर्ड किया जाता है.
- MSLT (Multiple Sleep Latency Test): यह टेस्ट आमतौर पर रात की स्लीप स्टडी के अगले दिन किया जाता है. इसमें देखा जाता है कि व्यक्ति को दिन में कितनी जल्दी नींद आती है और वह कितनी जल्दी REM नींद में पहुंचता है.
इन जांचों की मदद से डॉक्टर यह समझने की कोशिश करते हैं कि व्यक्ति को बार-बार नींद क्यों आ रही है.
क्या नार्कोलेप्सी का इलाज संभव है?
नार्कोलेप्सी का फिलहाल ऐसा कोई इलाज नहीं है, जो बीमारी को पूरी तरह खत्म कर दे. हालांकि, सही दवाओं और दिनचर्या में बदलाव की मदद से इसके लक्षणों को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है.
डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार दवाएं देते हैं. इसके अलावा कुछ आदतें भी मददगार हो सकती हैं.
- रोज एक ही समय पर सोने और जागने की कोशिश करें
- दिन में जरूरत के अनुसार छोटी-छोटी प्लान्ड नैप लें
- रात में अच्छी और पर्याप्तA नींद लें
- सोने से पहले मोबाइल और दूसरे स्क्रीन डिवाइस का इस्तेमाल कम करें
- गाड़ी चलाते समय नींद आने की स्थिति में ड्राइविंग न करें और सुरक्षित विकल्प अपनाएं
अगर किसी व्यक्ति को लगातार दिन में बहुत ज्यादा नींद आती है, तो उसे खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए
हर बार नींद आना आलस नहीं होता
"ज़रा सोचिए, आप किसी जरूरी मीटिंग में बैठे हैं और अचानक आपकी आंख लग जाती है. कभी किसी से बात करते हुए, तो कभी खाना खाते समय आपको नींद आने लगत…"













